यूपी में विधानसभा उपचुनाव से पहले कांग्रेस में मचा घमासान, शहर अध्यक्ष के खिलाफ पास किया निंदा प्रस्ताव
यूपी की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी कलह सतह पर है। इन दिनों कानपुर में नगरअध्यक्ष के खिलाफ अन्य कांग्रेसियों ने मोर्चा खोल रखा है। पुराने नेता आए दिन हो रहे झगड़े से स्वयं को अपमानित महसूस कर रहे हैं। कई वरिष्ठ कांग्रेसियों ने इसे लेकर निंदा प्रस्ताव पास कर पार्टी नेतृत्व को भेज शहर अध्यक्ष के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है।

जागरण संवाददाता, कानपुर। कांग्रेसियों के घर तिलक हाल में इन दिनों सब कुछ ठीक नहीं है। पुराने नेता आए दिन झगड़ों से स्वयं को अपमानित महसूस कर रहे हैं। इस घमासान व पुराने कांग्रेसियों की साख दांव पर होने से पार्टी का भविष्य में नुकसान तय है। सोमवार को कई वरिष्ठ कांग्रेसियों ने इसे लेकर निंदा प्रस्ताव पास कर पार्टी नेतृत्व व प्रदेश अनुशासन समिति को भेज शहर अध्यक्ष के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य संदीप शुक्ला के कचहरी स्थित कैंप कार्यालय में वरिष्ठ कांग्रेसजन की बैठक सोमवार को नगर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष श्यामदेव सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें कहा गया कि कांग्रेस जिला मुख्यालय तिलक हाल में शहर अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी व कानपुर लोकसभा सीट से प्रत्याशी रहे आलोक मिश्र की उपस्थिति में मदन मोहन शुक्ला व शहर अध्यक्ष के समर्थकों ने पूर्व राष्ट्रीय सचिव अब्दुल मन्नान से अभद्रता की।
क्या है असंतोष का कारण
झगड़ा शांत कराने के स्थान पर नेता उत्तेजना बढ़ाते रहे। इससे कांग्रेसजन नाराज हैं। इससे पहले शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव निजामुद्दीन, बुजुर्ग वरिष्ठ कांग्रेसी शंकर दत्त मिश्रा को भी अपमानित किया गया। शंकर दत्त वर्ष 1965 से तिलक हाल में रहकर कांग्रेस की सेवा कर रहे हैं। फिर पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्र को लेकर भी अनर्गल बातें हुईं, क्योंकि उन्होंने ही शंकर दत्त को मनाया था।
आरोप है कि शहर अध्यक्ष नौशाद के कारण लगातार संगठन कमजोर हो रहा है। बैठक में नगर ग्रामीण जिलाध्यक्ष अमित पांडेय, पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्र, पूर्व राष्ट्रीय सचिव अब्दुल मन्नान, प्रदेश महासचिव हर प्रकाश अग्निहोत्री, निजामुद्दीन खां, कृपेश त्रिपाठी, इखलाक अहमद, इकबाल अहमद, राजेश सिंह, शशिकांत दीक्षित, नदीम सिद्दीकी, अतहर नईम, आनंद मेहरोत्रा, सतीश दीक्षित, जीशान अंसारी, रफीक खान, हाजी मोहम्मद वसीक, फहद अब्बासी, वीरेंद्र चतुर्वेदी समेत 50 से अधिक नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।
शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने कहा-
'अब्दुल मन्नान समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का तिलक हाल में पूरा सम्मान हो रहा है। कुछ लोग जानबूझ कर पार्टी को कमजोर कर रहे हैं। उन्हें नेतृत्व देखेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन मजबूती व सीसामऊ विस उपचुनाव जीतने का संदेश दिया है। जिन्हें दिक्कत है, वो बताएं। समस्या दूर करेंगे।'
इसे भी पढ़ें: आम बजट को लेकर अखिलेश ने दागे सवाल, पूछा- 'यूपी को क्या मिला?' आंध्र और बिहार को विशेष योजनाएं देने पर कसा तंज

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।