भाजपा सांसद के सामने बैंक कर्मियों ने बयां किया अपना दर्द, उठाई ये मांग Kanpur News
केंद्रीय कर्मचारियों के समान वेतन और पेंशन दिलाने की मांग के लिए आवाज उठाई।
कानपुर, जेएनएन। भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले के आवास पर शहर के बैंक कर्मियों की भीड़ लगी थी। इन सभी बैंक कर्मियों ने सांसद के सामने अपना दर्द बयां किया और संसद तक उनकी मांग पहुंचने की अपील की। बैंक कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें भी केंद्रीय कर्मचारियों के समान वेतन और पेंशन दी जाए।
वी बैंकर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी रविवार को भाजपा सांसद के काकादेव स्थित आवास पहुंचे। सांसद से मिलकर बैंक कर्मियों ने कहा कि वर्ष 1979 तक बैंक कर्मियों का वेतन केंद्र सरकार के कर्मचारियों से अधिक होता था। अब बैंक कर्मचारियों का वेतन केंद्रीय कार्यालयों के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बराबर रह गया है। उनके मुताबिक केंद्र सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर खुद माना है कि केंद्र सरकार के क्लास वन अधिकारी बैंकों में कार्यरत जूनियर मैनजमेंट ग्रेड एक अधिकारी के बराबर और केंद्रीय सरकार के ग्रेड सी कर्मचारी बैंकों में कार्यरत लिपिकीय कर्मचारियों के बराबर हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों केंद्र सरकार ने वेतन के संबंध में जो निर्णय लिया है, उसके हिसाब से बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों का वेतन भी केंद्र के बराबर होना चाहिए था।
उन्होंने भारतीय बैंक संघ द्वारा की जाने वाली द्विपक्षीय वार्ता पर भी रोक लगनी चाहिए। खुद भारतीय बैंक संघ 30 सितम्बर 2019 को जारी परिपत्र में स्वीकार कर चुका है कि उसे नियोक्ता बैंकों का प्रतिनिधित्व करते हुए वेतन समझौता करने का कोई विधिक अधिकार नहीं है। इसलिए अब सरकार को इस पर हस्तक्षेप करना चाहिए। ऐसा न होने पर एक जनवरी 2020 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।