बांदा में सुबह चेकिंग के लिए निकले एआरटीओ हादसे में घायल, सिपाही की मौत Banda News
गिरवां थाने के पास वाहनों की जांच करने जा रहे एआरटीओ का वाहन सड़क पर खड़े ट्रक में घुस गया।
बांदा, जेएनएन। बुधवार सुबह चेकिंग के लिए एआरटीओ हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गए और सिपाही की मौत हो गई। मोरवां जांच के लिए जाते समय उनकी बोलेरो सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल एआरटीओ व दो कर्मचारियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर एआरटीओ को कानपुर रेफर कर दिया गया है।
अलीगढ़ के कमोडिया ई-ब्लाक निवासी 51 वर्षीय उदयराज बांदा में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी पद पर तैनात हैं। बुधवार भोर पहर में वह खनिज विभाग और पुलिस टीम के साथ चेकिंग में नरैनी क्षेत्र गए थे। लौटते समय गिरवां थाना क्षेत्र के दरगाही पुरवा के पास सड़क पर खड़े ट्रक से उनकी बोलेरो टकरा गई। हादसे में बोलेरो सवार इलाहाबाद कटरा निवासी हेडकांस्टेबल 50 वर्षीय लल्लूराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एआरटीओ उदयराज, नरैनी निवासी तीस वर्षीय चालक शिव प्रकाश और आवास विकास निवासी होमगार्ड 50 वर्षीय रामानंद शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की जानकारी होते ही गिरवां थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार फोर्स और यूपी-100 पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने एआरटीओ समेत सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखकर एआरटीओ को कानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक हेड कांस्टेबल के परिजनों को घटना की सूचना दी है।