जागरूकता से अपराध पर लगेगा अंकुश
जागरण संवाददाता, कानपुर : 'लोगों की जागरूकता से अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है। लोग यातायात
जागरण संवाददाता, कानपुर : 'लोगों की जागरूकता से अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है। लोग यातायात नियम से लेकर अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क हो जाएं तो शहर को जाम से भी निजात मिल जाए।' यह बात एसपी पूर्वी अनुराग आर्य ने शनिवार को मर्चेट्स चैंबर हाल में आयोजित उद्योग एवं व्यापार मंडल की बैठक में व्यापारियों की समस्या सुनने के बाद रखी।
उन्होंने व्यापारियों के पुलिस के चेकिंग के नाम पर उत्पीड़न और सड़क पर पार्किग से जाम की समस्या होने की बात कहा कि चेकिंग जनता की सुरक्षा के लिए की जाती है। इसे किसी को व्यक्तिगत नहीं लेना चाहिए। यदि मांग पर छूट मिलने लगी तो एक समय ऐसा आयेगा कि चेकिंग के नाम पर कोई नहीं बचेगा। आर्य ने व्यापारियों की असलहा लाइसेंस की मांग पर एक लिस्ट तैयार कर जिलाधिकारी को देकर नियमानुसार लाइसेंस जारी कराने का आश्वासन दिया। साथ ही सभी को अपनी दुकानों के बाहर भी एक कैमरा लगाने की सलाह दी। जिससे अपराधी को दुकान का रास्ता दिखाने वाले और अपराधी किधर गया इसका भी पता चल सके। वहीं सुरक्षा व दुकान में काम करने वाले लोगों का वैरीफिकेशन जरूर कराएं। प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मी ही रखे। लोग चौराहों पर लगे सिग्नल का पालन नहीं करते। जिससे उन्हें रस्सी से रोका जाता है। जो इंसानों के लिए नहीं। यातायात नियम सुगम यातायात और सुरक्षित सफर के लिए बनाये गए है। जिन्हें सभी को पालन करना चाहिए। मर्चेट्स चैंबर ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष बीके लोहाटी ने मुख्य अतिथि एसपी पूर्वी अनुराग आर्य का स्वागत कर शहर की यातायात व सुरक्षा संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों संग बीएम गर्ग, अविनाश चतुर्वेदी, विजय पंडित, ज्ञानेश मिश्र, शेष नारायण त्रिवेदी, कमल उत्तम, श्याम शुक्ल, पुष्पेंद्र जायसवाल, सुनील गुप्ता, विनय द्विवेदी, उमंग अग्रवाल, चंद्र प्रकाश आदि व्यापारी भी थे।