कानपुर देहात में बजरंग दल कार्यकर्ता पर आटो चालक ने तलवार से किया हमला, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कानपुर देहात में बजरंग दल कार्यकर्ता पर आटो चालक ने तलवार से हमला कर दिया। वहीं दूसरे संप्रदाय विशेष के आरोपित पर मुकदमा दर्ज हुआ है। आसपास के लोगों को आता देख हमलावर मौके से भाग निकला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
कानपुर देहात, जागरण संवाददाता। बजरंग दल कार्यकर्ता निक्की मिश्रा पर बाजार में आटो चालक साजिद ने तलवार से हमला कर दिया। हाथ लगा देने से उसमें गहरा घाव होने से वह लहूलुहान हो गए। आसपास के लोग जुटे तो हमलावर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
अकबरपुर के नेहरू नगर निवासी बजरंग दल कार्यकर्ता निक्की मिश्रा अपने दोस्त प्रशांत की बहन की शादी के लिए रविवार को सिंह लान में काम करा रहे थे। इसी दौरान अशोक नगर बाजार से वह दोना-पत्तल लेने गए, जहां आटो चालक अशोक नगर का साजिद गुजर रहा था।
अचानक वह निक्की को गाली देने लगा। विरोध करने पर उसने आटो में रखी तलवार निकालकर हमला कर दिया। उन्होंने बचाव में हाथ आगे कर दिया, जिससे गंभीर चोट आई। कुछ देर में बजरंग दल व भाजपा नेता मौके पर जुटे और थाने पहुंचे। सीओ अकबरपुर प्रभात कुमार ने बताया कि आरोपित साजिद को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दो बार दी तहरीर, पहली में लिखा-कन्हैयालाल का हाल कर देंगे...कह किया हमला
घायल निक्की की तरफ से पुलिस को पहले दी गई तहरीर में लिखा गया कि तीन हमलावर आए, जिनमें एक साजिद था। उसने कहा कि बड़ा हिंदू नेता बनता है, इसका भी हाल कन्हैयालाल वाला कर दो और अपनी आटो से तलवार निकाल वार कर दिया। हाथ आगे करने से घाव हो गया। पुलिस ने जांच शुरू कर निक्की से पूछताछ की तो उन्होंने दूसरी तहरीर दी। उसमें लिखा कि आटो की टंकी का ढक्कन खुला था। टोकने पर साजिद बहस करने लगा और हमला कर दिया।