Move to Jagran APP

अटल जी के शैक्षिक अभिलेखों की तलाश हुई तेज, तब आगरा विश्वविद्यालय से संबद्ध था डीएवी कालेज

पूर्व प्रधनमंत्री की स्मृतियों को सहेजने की कवायद तेज हो गई है। फिर चर्चा में आया शैक्षिक दस्तावेज गुम होने का मामला।

By JagranEdited By: Published: Thu, 23 Aug 2018 05:41 PM (IST)Updated: Thu, 23 Aug 2018 05:41 PM (IST)
अटल जी के शैक्षिक अभिलेखों की तलाश हुई तेज, तब आगरा विश्वविद्यालय से संबद्ध था डीएवी कालेज
अटल जी के शैक्षिक अभिलेखों की तलाश हुई तेज, तब आगरा विश्वविद्यालय से संबद्ध था डीएवी कालेज

जागरण संवाददाता, कानपुर : पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद उनके शैक्षिक दस्तावेज गुम होने का मामला इस समय फिर चर्चा में है। कुछ वर्षो पहले शैक्षिक दस्तावेजों को तलाशने के लिए आगरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर (बीआरए) व शहर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में कवायद की गई थी। तब बीआरए विवि ने 1966 में ही सभी दस्तावेज दे दिए जाने की जानकारी दी थी। अब अटल जी की स्मृतियों को सहेजने के लिए शैक्षिक अभिलेखों की तलाश फिर तेज हो गई है। डॉ.भीमराव आंबेडकर ंिवश्वविद्यालय आगरा के कुलपति डॉ.अरविंद दीक्षित ने वहां कुलसचिव को निर्देश दिए हैं कि पूर्व पीएम के वर्ष 1946-47 के शैक्षिक अभिलेखों का रिकॉर्ड दें। कुलपति ने बताया कि सभी दस्तावेज जल्द मिल जाएं इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। - - - - - - - - - - - - - -

loksabha election banner

आगरा विश्वविद्यालय में दस्तावेज होने की उम्मीद

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर नीलिमा गुप्ता ने कहा कि जब पूर्व पीएम ने राजनीतिशास्त्र से एमए किया, तब डीएवी कॉलेज आगरा विश्वविद्यालय से संबद्ध था। ऐसे में संभावना है कि पूर्व पीएम के शैक्षिक दस्तावेज वहां ही होंगे। वर्ष 1966 व उससे पहले के जो भी रिकॉर्ड हैं, वह सीएसजेएमयू में हैं या नहीं, यह जानकारी अधीनस्थ अधिकारियों से की जा रही है। शैक्षिक दस्तावेज मिलते ही उन्हें सुरक्षित कराया जाएगा। इस संबंध में आगरा में भी विश्वविद्यालय प्रशासन से बात हो रही है। डॉ.भीमराव आंबेडकर ंिवश्वविद्यालय आगरा के कुलपति डॉ.अरविंद दीक्षित ने बताया कि कुलसचिव से कहा गया है कि पूर्व पीएम के शैक्षिक दस्तावेजों की तलाश तेज की जाए। ताकि वह समय से उपलब्ध हो सकें। - - - - - - - - - - - - - - - -

डीएवी कॉलेज में भी खंगाले जा रहे दस्तावेज

डीएवी कॉलेज में भी अटल जी के शैक्षिक दस्तावेज ढूंढे जा रहे हैं। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 1949 तक के रजिस्टर तो मिल गए। कोशिश की जा रही है कि उससे पहले 1946-47 में जो रिकॉर्ड रहा हो, वह भी हासिल हो जाए। - - - - - - - - - - - - - - - -

अटल जी ने छोड़ दिया था जलपान

कानपुर : जनसभा में जल्दी पहुंचने को अटल जी ने जलपान तक छोड़ दिया था। कानपुर से जब सड़क मार्ग से आगरा पहुंच कर उन्होंने जनसभा को संबोधित कर लिया तब जाकर कुछ जलपान किया। यह संस्मरण बुधवार को उनके साथ काम कर चुके 87 वर्षीय रमाकांत शुक्ल ने भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ द्वारा पूर्व प्रधानमत्री अटल बिहारी वाजपेई के लिए आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बयां किया। एनआर हाइट सिटी में आयोजित सभा में वह 1962 के संस्मरण सुना रहे थे। इस मौके पर प्रकोष्ठ के संयोजक नागेंद्र शुक्ल, अनिल मिश्र, अनिल दीक्षित, अभिषेक आदि उपस्थित थे। - वि. - - - - - - - - - - - - - - - -

अस्थि कलश यात्रा को श्रद्धांजलि रथ तैयार

कानपुर : पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा 24 अगस्त को शहर आएगी। यात्रा में लोगों की ज्यादा से ज्यादा भीड़ हो इसके लिए शहर में श्रद्धांजलि रथ 23 अगस्त को घूमेंगे। यही रथ 24 अगस्त को अस्थि कलश यात्रा में शामिल होंगे। महापौर प्रमिला पाडेय गुरुवार को गीता मंदिर बिरहाना रोड से सुबह दस बजे हरी झंडी दिखाकर रथों को रवाना करेंगी। बुधवार को पार्षद विकास जायसवाल रथ लेकर महापौर प्रमिला पांडेय के यहां गए। उन्होंने रथों को देखा और तय किया गया कि ज्यादा से ज्यादा लोग गुरुवार को रथ के साथ चलें और लोगों को अस्थि कलश यात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। पार्षद विकास जायसवाल ने बताया कि रथ गुरुवार को कपड़ा बाजार, जनरलगंज, बिरहाना रोड, शिवाला , मनीराम बगिया में घूमेगा। उन्होंने कहा संयोजक योगेंद्र शर्मा और व्यवस्थापक प्रवेश सोनकर रथ के साथ ही जिम्मेदारी संभालेंगे। रथ का माध्यम से पूर्व पीएम की कविताएं भी आमजन सुन सकेंगे। इस दौरान ज्ञानेंद्र विश्नोई, मोनिका बाजपेयी आदि मौजूद रहीं। - - - - - - - - - - - - - - - -

यात्रा में आमजन को नहीं होगी परेशानी

कानपुर : भारत रत्न देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा के लिए भाजपाइयों और प्रशासनिक अफसरों ने बुधवार को जाजमऊ गंगापुल पहुंचकर यात्रा के रूट का निरीक्षण किया। तय हुआ कि जैसे ही यात्रा जाजमऊ पुल पर आएगी, वहां बने मंच से वरिष्ठ पदाधिकारी अपना संबोधन देंगे। इसके बाद सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी दोपहिया और चौपहिया वाहनों के साथ यात्रा में बिठूर तक चलेंगे। इस दौरान किसी को परेशानी न हो, इसका ध्यान कार्यकर्ता रखेंगे। उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने बताया, अस्थि कलश यात्रा 24 अगस्त को पूर्वाह्न 11.30 बजे शहर में आएगी। इस संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बिठूर स्थित पत्थर घाट पर शाम साढ़े चार बजे 11 आचार्य पूरे विधि विधान से अस्थियों को प्रवाहित कराएंगे। सपा, बसपा और कांग्रेस जिलाध्यक्ष को भी यात्रा की सूचना दी गई है। व्यापार मंडल, बार व लायर्स एसोसिएशन, आइएमए पदाधिकारियों को भी बताया गया। निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी सतीश पाल, सिटी मजिस्ट्रेट वैभंव मिश्रा, एसपी ट्रैफिक सुशील कुमार, अटल जी के रिश्तेदार सुमित मिश्रा, सुनील बजाज आदि उपस्थित रहे। व्यवस्थापकों व विधानसभा प्रभारियों की जिम्मेदारी तय : अस्थि कलश यात्रा को लेकर भाजपा दक्षिण के पदाधिकारियों ने बैठक कर मंथन किया। जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता ने बताया कि जेके चौराहा, हरजेंदर नगर, लालबंगला, ओमपुरवा, लालकुर्ती, 10 नंबर कैंटीन, सेवेन एयरफोर्स हॉस्पिटल, हीर पैलेस, नरोना चौराहे पर व्यवस्थापकों व विधानसभा प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गईं। - - - - - - - - - - - - - - -

अटल के अस्थि कलश को कांग्रेसी भी करेंगे नमन

कानपुर : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलश के नगर आगमन पर कांग्रेसी भी नमन करेंगे। जिलाध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने बताया कि 24 अगस्त को अटल जी का अस्थि कलश नगर के प्रवेश द्वार जाजमऊ पहुंचेगा। यहां कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी गरिमा और सम्मान के साथ श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। कांग्रेस के सभी स्तरीय पदाधिकारियों, फ्रंटल संगठन, प्रकोष्ठ, विभागों, वार्ड अध्यक्षों और पार्षदों सहित कार्यकर्ताओं को सूचना भेजकर जाजमऊ गंगापुल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.