अनुच्छेद 370 खत्म करने से जनता में बढ़ा विश्वास, उपचुनाव में भारी जीत दर्ज करेगी भाजपा : कटारिया Kanpur News
परिवहन राज्यमंत्री का सर्किट हाउस में किया गया स्वागत कार्यकर्ताओं से कहा कि उपचुनाव की तैयारियों में जीजान से जुट जाएं।
कानपुर, जेएनएन। भाजपा उपचुनाव में भारी जीत दर्ज करेगी, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करने का जो साहसिक फैसला किया गया है। उससे जनता में भाजपा के प्रति विश्वास और गहरा हुआ है। ये बातें परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अशोक कटारिया ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से कहीं। शुक्रवार देर रात शहर पहुंचे अशोक कटारिया का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
मंत्री बनने के बाद पहली बार कानपुर पहुंचे परिवहन राज्यमंत्री ने बताया कि वे हमीरपुर में विधानसभा उपचुनाव के प्रभारी हैं। इसलिए वहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश में योगी सरकार जिस तरह से काम कर रही है, उससे विपक्ष के हौसले पस्त हैं। इसलिए भाजपा इन उपचुनावों में हमीरपुर समेत सारी सीटें भारी अंतर से जीतेगी।
उन्होंने कहा कि कानपुर से उनका विशेष लगाव है। अब हमीरपुर उपचुनाव के दौरान उनका आना जाना लगा रहेगा। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि उप चुनाव की तैयारियों में जीजान से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि वे बतौर मंत्री अपने विभाग में अच्छे कार्यों को आगे बढ़ाने और जनसुविधाओं को मजबूत करने का काम करेंगे। उनका स्वागत करने वालों में भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी, दक्षिण जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता , युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री प्रमोद विश्वकर्मा एवं गुरविंदर सिंह उपस्थित रहे।