देश सेवा का जज़्बा है तो सुनहरा मौका, जानें सेना भर्ती रैली की तिथि
सेना भर्ती रैली 26 सितंबर से शुरू होकर 9 अक्टूबर तक चलेगी। युवाओं के चयन के लिए अलग-अलग जिलों को तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं।भर्ती के लिए आयु सीमा निर्धारित है।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। अगर आप में देश भक्ति और सेवा करने का जज़्बा है तो आपके लिए सुनहरा मौका है। सेना में भर्ती के लिए शहर में बुधवार से रैली शुरू हो रही है। इसके लिए जिलेवार तिथियां घोषित कर दी गई हैं। भर्ती रैली 26 सितंबर से शुरू होकर 9 अक्टूबर तक चलेगी। तय तिथि पर संबंधित जिले के युवा रैली में प्रतिभाग करके भर्ती के लिए चयनित हो सकते हैं।
भर्ती रैली के लिए सेना द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई है। लखनऊ से सेना भर्ती से जुड़े अधिकारियों की टीम और कर्मचारियों ने कानपुर में डेरा डाल दिया है। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्थानीय सैन्य प्रशासन के अलावा 14 ब्रिगेड की टीम कैवलरी ग्राउंड में होने वाले भर्ती रैली की तैयारियां पूरी करने में जुटी है। एडीएम सिटी विवेक श्रीवास्तव ने बताया सेना भर्ती रैली की तिथियां आ चुकी हैं, इसके लिए प्रशासन की ओर से पर्याप्त तैयारी कर ली गई है। ग्राउंड में जरूरी व्यवस्थाओं को पूरा करा दिया गया है।
जानें जिलेवार भर्ती की तिथियां
26 सितंबर: बाराबंकी
27 सितंबर: कन्नौज की छिबरामऊ तहसील
28 सितंबर : कन्नौज की तिर्वा तहसील, उन्नाव की बीघापुर तहसील और कन्नौज
29 सितंबर : उन्नाव, फतेहपुर की खागा तहसील
30 सितंबर : फतेहपुर
1 अक्टूबर : गोंडा
2 अक्टूबर : कानपुर देहात की डेरापुर, रसूलाबाद और सिकंदरा तहसील
3 अक्टूबर : कानपुर देहात की अकबरपुर और भोगनीपुर तहसील
4 अक्टूबर : कानपुर नगर की कानपुर तहसील
5 अक्टूबर : कानपुर नगर की कानपुर व बिल्हौर तहसील
6 अक्टूबर : कानपुर नगर की घाटमपुर तहसील और औरैया की औरैया तहसील
7 अक्टूबर : औरैया की बिधनू तहसील और महोबा
8 अक्टूबर : बांदा व हमीरपुर
9 अक्टूबर : चित्रकूट व लखनऊ
इन पदों पर होनी हैं भर्ती
-सोल्जर जनरल ड्यूटी
-सोल्जर क्लर्क-स्टोर कीपर टेक्निकल
-सोल्जर टेक्निकल
-सोल्जर नर्सिंग असिस्टेंट
-सोल्जर ट्रेड मैन
भर्ती के लिए निर्धारित आयु सीमा
सोल्जर जनरल ड्यूटी के लिए उम्र सीमा साढ़े सत्रह वर्ष न्यूनतम व 21 वर्ष अधिकतम है। इसके अलावा अन्य सभी पदों के लिए उम्र सीमा साढ़े सत्रह वर्ष न्यूनतम व 23 वर्ष अधिकतम है।