रात में हुआ विवाद फिर फौजी ने पिस्टल से पत्नी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर दी हत्या
छिबरामऊ कोतवाली अंतर्गत हयातनगर गांव में छुट्टी पर घर आए सेना के जवान ने वारदात को अंजाम दिया।
कन्नौज, जेएनएन। छिबरामऊ कोतवाली अंतर्गत हयातनगर गांव में छुट्टी पर घर आए सेना के जवान ने निजी पिस्टल से पत्नी पर गोलियां बरसा हत्या कर दी। वारदात की जानकारी होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की वजह को लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है, दस साल की बेटी ने मम्मी-पापा के बीच रात में पिस्टल को लेकर विवाद होने की जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपित फौजी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की है। उसके खिलाफ बहन की हत्या करने की तहरीर भाई ने दी है।
कोतवाली छिबरामऊ के गांव हयातनगर निवासी विनोद कुमार राठौर सैन्य जवान है और असम में तैनाती है। करीब 15 वर्ष पहले औरैया थाना बेला के महू निवासी प्रतिभा से उनकी शादी हुई थी। उसे एक 10 वर्षीय बेटी आशी और सात वर्षीय बेटा यश है। विनोद एक माह की छुट्टी पर घर आए थे और पांच दिन बाद वापसी करनी था। मंगलवार को आशी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया था और बुधवार को दिन में कथा व कन्या भोज कराया था। इसके बाद रात करीब 10 बजे किसी बात पर पति-पत्नी में विवाद हो गया।
मकान की छत पर मौजूद विनोद ने पत्नी प्रतिभा पर निजी पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। चार गोलियां लगने से प्रतिभा खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में अफरा तफरी मच गई और कुछ दूरी पर रहने वाले मां व भाई समेत परिजन पहुंच गए। रात में आनन-फानन प्रतिभा को वैन से कानपुर ले गए लेकिन चौबेपुर के पास उसने दम तोड़ दिया। शव गांव आने के बाद विनोद के भाई प्रमोद ने प्रतिभा के मायके में सूचना दी। भाई मनोज सिंह सहित ससुरालजन रात में ही गांव आ गए।
जानकारी होते ही पुलिस गांव पहुंच गई और विनोद को पिस्टल समेत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में कक्षा पांच में पढऩे वाली बेटी आशी ने पुलिस को बताया कि रात को पढऩे के बाद वह लेट गई थी। अचानक मां व पापा के बीच पिस्टल को लेकर झगड़ा होने पर वह जाग गई। गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंची तो मां खून से लथपथ पड़ी थी। वह विवाद की वजह स्पष्ट नहीं बता सकी। उसने पुलिस को पिता के पिस्टल मांगने और मां के मना करने की बात कहे जाने की जानकारी दी।
सीओ उपाध्याय ने बताया कि भाई ने पति विनोद कुमार के खिलाफ बहन की हत्या की तहरीर दी है, जिसपर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित फौजी को हिरासत में लेकर पिस्टल भी बरामद की गई है, मामले की छानबीन की जा रही है। प्रथम दृष्टया शराब के नशे में फौजी द्वारा पत्नी को गोली मारने की बात सामने आई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप