10 दिन में ही अरहर के भाव गिरे, जानें दाल और सब्जियों के क्या हैं रेट
दस दिन पहले 124 रुपये तक पहुंचने वाली अरहर दाल फिर पुराने रेट पर आई उड़द व मूंग के रेट चढ़ गए सब्जियों के भाव भी एक-चौथाई से ऊपर बढ़ चुके हैं तापमान 35 डिग्री सेल्सियस होने के कारण सब्जी को नुकसान हो रहा है
कानपुर, जेएनएन। तीन से पांच अक्टूबर के बीच तेजी के कारण बढ़ रहे अरहर की दाल के दाम 10 दिन में ही नीचे आ गए हैं। हालांकि दूसरी दालों के भाव अरहर की दाल के अपेक्षा में काफी ज्यादा हैं। बता दें कि अरहर के भाव तेजी से बढऩे के बाद गिरने की वजह से कई कारोबारियों को नुकसान भी हुआ है।
तीन अक्टूबर को अरहर की दाल 95 रुपये के करीब थी, लेकिन पांच अक्टूबर तक दाल 124 रुपये पहुंच गई थी। इसके बाद कुछ ही दिन दाल इस भाव पर रुकी। पिछले तीन-चार दिन में भाव तेजी से गिर कर फिर वहीं पर आ गए। थोक कारोबारी सचिन त्रिवेदी के मुताबिक जहां अरहर दाल की कीमत कम हुई है, वहीं फसल अच्छी न होने की वजह से दूसरी दालों के भाव बढ़ गए हैं।
10 दिन में दालों में तेजी (प्रतिकिलो)
दाल | 10 दिन पहले | अब |
अरहर | 124 | 95 |
चना | 66 | 62 |
उड़द हरी | 112-115 | 140 |
उड़द काली | 73-74 | 86 |
मूंग हरी | 74 | 82 |
मूंग धुली | 85 | 93 |
हरी सब्जियों में भी उछाल
आलू की कीमत 40 रुपये किलो पहुंच गई है। प्याज और हरी सब्जी के भाव भी तेजी से बढ़े हैं। फुटकर बाजार में शिमला मिर्च और चुकंदर के भाव तो 15 दिन में दोगुने हो गए हैं। बाकी सब्जियों के भाव भी एक-चौथाई से ऊपर बढ़ चुके हैं। फुटकर सब्जी विक्रेता दीनदयाल गुप्ता के मुताबिक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। नमी भी कम है, इसकी वजह से सब्जी को नुकसान हो रहा है। नवरात्र में सब्जी की मांग कम होने की वजह से कीमतें गिरनी चाहिए।
सब्जी के भाव (प्रति किलो)
सब्जी | एक अक्टूबर | 15 अक्टूबर |
प्याज | 30-35 | 45-50 |
टमाटर | 45-50 | 50-60 |
बंद गोभी (प्रति पीस) | 35-40 | 50-60 |
शिमला मिर्च | 50-60 | 100-120 |
बीन्स | 70-80 | 90-100 |
गाजर | 35-40 | 50-60 |
चुकंदर | 35-40 | 70-80 |