कानपुर की फर्टिलाइजर कंपनी में अमोनिया गैस का रिसाव, गंध फैलते ही प्लांट छोड़ भागे कर्मचारी
Ammonia Gas Leakege In Kanpur कानपुर फर्टिलाइजर एंड केमिकल लिमिटेड में वाल्ब बदलने के दौरान हुआ रिसाव। हवा चलने पर गैस की गंध फैलने से आसपास के लोगों ने कंट्रोल रूम को दी सूचना। एडीसीपी एसीपी ने फायर ब्रिगेड को बुलाकर शुरू कराई जांच कर्मचारियों से पूछताछ।
कानपुर, जेएनएन। Ammonia Gas Leakege In Kanpur पनकी स्थित कानपुर फर्टिलाइजर एंड केमिकल लिमिटेड (केएफसीएल) कंपनी में सोमवार की देर शाम अमोनिया गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया। कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए प्लांट छोड़कर भागे। उन्होंने बताया कि वाल्ब बदलने के दौरान गैस का रिसाव हुआ था। करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद लीकेज को बंद कर स्थिति पर काबू पाया जा सका। आसपास बस्तियों में रहने वालों की सूचना पर एडीसीपी और एसीपी ने फायर ब्रिगेड को बुलाकर जांच शुरू कराई। गनीमत रही कि जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ।
इस तरह रहा घटनाक्रम: पनकी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फर्टिलाइजर कंपनी में सोमवार को दो प्लांट के मेंटीनेंस का काम चल रहा था। इसी बीच पाइप लाइन के इंसुलेशन में खराबी आने से गैस सप्लाई बाधित हो गई। मेंटीनेंस डिपार्टमेंट के कर्मचारियों ने डैमेज पाइप के वाल्ब बदले थे, तभी हादसा हुआ। मेंटीनेंस की टीम गैस सप्लाई बाधित होने की जांच कर ही रही थी कि वाल्व से अमोनिया गैस का रिसाव तेजी से होने लगा। अमोनिया की गंध फैलते ही प्लांट में मौजूद कर्मचारी बाहर निकल आए। आसपास की दूसरी कंपनियों के कर्मचारियों की सांस भी अटक गईं। फर्टिलाइजर कंपनी में मौजूद दमकल ने पानी का छिड़काव किया, तब कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। उसके कुछ समय बाद मेंटीनेंस की टीम ने पाइप लाइन के फाल्ट को भी दुरुस्त कर दिया।
एक्शन मोड में नजर आई पुलिस: इधर, पनकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। फजलगंज फायर स्टेशन के एफएसओ कैलाशचंद्र दमकल गाड़ी के साथ आ गए। एडीसीपी अभिषेक कुमार व एसीपी दिनेश शुक्ला ने जांच शुरू कराई। हालांकि, फायर ब्रिगेड पुलिस ने प्लांट के कर्मचारियों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी। एसीपी दिनेश शुक्ला ने बताया कि सप्लाई पाइप के मेंटीनेंस के दौरान अचानक रिसाव हो गया था। हवा से गैस फैल गई। मेंटीनेंस टीम ने तकनीकी खामी दुरुस्त करके रिसाव पर काबू पा लिया है। कंपनी के प्रबंधक अविनाश राय को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
अमोनिया रिसाव पर ग्रामीणों में फैली दहशत: फर्टिलाइजर प्लांट में अचानक हुए गैस रिसाव के चलते अमोनिया की गंध दो सौ मीटर तक फैल गई। प्लांट से सटे सराय मीता में अफरातफरी मच गई। लोग दुकानें, घरों के खिड़की-दरवाजे बंद करके घरों में दुबक गए। रिसाव बंद होने पर चैन की सांस ली।