आज शाम कानपुर में दस लोकसभा क्षेत्रों की समीक्षा कर जीत का मंत्र देंगे अमित शाह
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश प्रभारी और प्रदेशाध्यक्ष भी आएंगे।
कानपुर, जेएनएन। संगठन की मजबूती और दुरुस्त क्षेत्रीय समीकरण पर नजर रखने वाले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कानपुर आ रहे हैं। पार्टी के अन्य दिग्गजों के साथ वह दस लोकसभा क्षेत्रों की बैठक लेकर स्थिति की समीक्षा करेंगे और जीत के लिए गुरुमंत्र भी देंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार शाम 5.25 बजे हवाई मार्ग से पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद सिविल लाइन्स स्थित होटल पहुंचेंगे। प्रदेश प्रभारी जेपी नड्डा और प्रदेशाध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय सड़क मार्ग से आ रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन भी प्रस्तावित है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, शाह समेत पार्टी के दिग्गज नेता कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की दस लोकसभा सीटों के संयोजक, प्रभारी, जिलाध्यक्ष और जिला संयोजकों के साथ बैठक करेंगे।
वह जानकारी लेंगे कि पार्टी द्वारा पूर्व में चलाए गए कार्यक्रमों का कितना असर उनके क्षेत्रों में है। इसके अलावा जातिगत सहित अन्य समीकरण क्या स्थिति बना रहे हैं। एक-एक सीट की मजबूती और कमजोरी आंकने के साथ ही वह हर सीट पर जीत के लिए रणनीति भी पार्टी पदाधिकारियों को समझाएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह 8.45 बजे चकेरी एयरपोर्ट से अहमदाबाद के लिए रवाना हो जाएंगे।