विहिप के प्रदेश संगठन मंत्री ने कहा, जन्मस्थान पर ही बनेगा रामलला का भव्य मंदिर Kanpur News
बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में विहिप की स्थापना के 55वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन।
कानपुर, जेएनएन। विहिप की स्थापना के 55वें स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश संगठन मंत्री अंबरीष ने कहा है कि कोई भी संस्था हमारी आस्था को नहीं बदल सकती। अयोध्या में भगवान श्रीराम का जन्म स्थल होना शाश्वत सत्य है, इसलिए उसी स्थल पर भव्य मंदिर बनेगा। बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में समारोह में उन्होंने कहा कि वर्ष 1984 में विहिप ने 'रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे' का नारा दिया था। संगठन आज भी उस वादे पर अडिग है।
उन्होंने मुस्लिम टोपी न पहनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने वालों को भी आड़े हाथों लिया। कहा कि ऐसा कर वह सांप्रदायिक नहीं हो गए, बल्कि अपनी संस्कृति के प्रति उनका प्रेम झलकता है। उन्होंने विहिप की स्थापना के उद्देश्यों पर भी प्रकाश डाला। कहा कि 55 वर्ष के कालखंड में विहिप ने हिंदू समाज को मजबूत करने और सक्षम बनाने के सफल प्रयास किए हैं।
हिंदू चेतना को जागृत करने का काम आगे भी किया जाता रहेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ-कानपुर प्रांत के संघ चालक ज्ञानेंद्र सचान ने की और प्रस्तावना विहिप के प्रांतीय अध्यक्ष राजीव महाना ने रखी। पनकी मंदिर के महामंडलेश्वर जितेंद्र दास व महामंडलेश्वर योगेश्वरी देवी ने आशीर्वचन दिया। महानगर प्रभारी दीनदयाल गौड़ ने सभी का आभार जताया।