कुलीबाजार के पीडि़तों से अखिलेश यादव ने कहा, समाजवादी पार्टी पूरी तरह से उनके साथ
सपा अध्यक्ष ने शुक्रवार सुबह विधायक अमिताभ बाजपेई से स्थिति जानी थी। इसके बाद उन्होंने पीडि़तों से बात कराने के लिए कहा था। समाजवादी पार्टी के अनिल चौबे और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह के भाई मुन्ना के परिवार का भी सामान जर्जर मकान में दबा हुआ है
कानपुर, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कुली बाजार में मकान गिरने से पीडि़त परिवार और दुकानदारों को आश्वस्त किया कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने इस हादसे में मृतक राकेश शर्मा के परिजनों को दो लाख रुपये की सहायता की घोषणा की। उन्होंने सपा विधायक अमिताभ बाजपेई से कहा कि इस मामले में लगातार आंदोलन करें, प्रशासन से परिवारों की मदद की बात करें, इसके बाद भी कुछ नहीं होता है तो वह खुद इसके साथ कानपुर के अन्य मुद्दों पर भी आएंगे।
सपा अध्यक्ष ने शुक्रवार सुबह विधायक अमिताभ बाजपेई से स्थिति जानी थी। इसके बाद उन्होंने पीडि़तों से बात कराने के लिए कहा था। इस पर दोपहर में कुली बाजार में सभी पीडि़तों से बात कराने की व्यवस्था की गई। इस हादसे में समाजवादी पार्टी के अनिल चौबे और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह के भाई मुन्ना सिंह के परिवार का भी सामान जर्जर मकान में दबा हुआ है। दोपहर में वीडियो कालिंग के जरिए सपा विधायक ने पीडि़तों की बात अखिलेश यादव से कराई।
अनिल चौबे की 94 वर्षीय मां ने कहा कि बहू, बेटियों के साथ सड़क पर हैं। एक चम्मच तक साथ में नहीं है जो कपड़े पहने थे, वे ही पहने हुए हैं। सपा अध्यक्ष ने उन्हेंं आश्वस्त किया कि उनकी पूरी मदद की जाएगी। पार्टी खुद अपनी तरफ से मदद करेगी। विधायक अमिताभ बाजपेई ने बताया कि इस हादसे में 23 परिवार और 20 दुकानदारों का सामान दब गया है। सपा पार्षद अभिषेक गुप्ता पिछले डेढ़ वर्ष से इस मामले की शिकायत कर रहे थे लेकिन हुआ कुछ नहीं। आखिर मकान गिर गया। अब पुलिस ने केडीए की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन उन लोगों की तहरीर तक नहीं ली।
कहा, इस मामले में प्रशासन से बात करेंगे
अखिलेश यादव ने पूरी बात सुनने के बाद कहा कि कोई परेशान ना हो, समाजवादी पार्टी पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने खुद भी कानपुर आने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आज ही सरकार व प्रशासन से बात की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साफ कहा कि जो भी घटना के लिए दोषी है, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। बाद में विधायक अमिताभ बाजपेई ने बताया कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी फंड से दो लाख रुपये दिए हैं। इन्हेंं मृतक के परिजनों को दिया जा रहा है।