सर्जिकल स्ट्राइक पर जश्न मनाने वालों को देना होगा देश को जवाब : अखिलेश
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, किसानों के बेटे ही देश की सरहद पर हैं जवान, मुआवजा भरपाई नहीं है।
कन्नौज, जेएनएन। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों में शामिल रहे जनपद के प्रदीप यादव के घर पर संवेदना व्यक्त करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि सर्जिकल स्ट्राइक का जश्न मनाने वालों को अब देश को जवाब देना होगा। कहा, इसका हिसाब कैसे होगा और सरकार क्या कदम उठाएगी। देश की सरहद पर किसानों के बेटे ही जवान हैं और इस वक्त किसान और जवान दोनों ही परेशान हैं। यह देश के लिए बहुत दुखद पल है और पूरा देश इसपर आंसू बहा रहा है।
शुक्रवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंदरगढ़ के सुखसेनपुर अजान गांव पहुंचे और शहीद प्रदीप यादव के परिवार को ढांढस बंधाया। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि पुलवामा में आतंकी हमले ने पूरे देश को हिला दिया है और यह घटना देश की सुरक्षा में बड़ी चूक है।
उन्होंने सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया बनाने वालों को मालूम नहीं हो पाता और आतंकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल देते हैं। इसके बारे में भनक भी नहीं हो सकी। अखिलेश ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक का जश्न मनाने वालों को अब इन शहीदों के परिजनों व देश को जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि कन्नौज के लिए यह गर्व की बात है एक लाल देश की रक्षा करने में शहीद हो गया।