अखिलेश ने पूछा विधायक का हाल, कहा-प्रशासन नहीं चेता तो पूरे प्रदेश में पार्टी देगी धरना
धरने पर बैठे सपा विधायक ने जलापूर्ति समस्या को दूर करने के लिए वरुण देवता का आह्वान करते हुए हवन पूजन किया।
कानपुर, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को धरने पर बैठे विधायक अमिताभ बाजपेई का हाल लिया। उन्होंने फोन पर हुई बातचीत में कहा कि अगर प्रशासन उनके धरने पर नहीं चेता तो पार्टी प्रदेश के सभी जिलों में धरना देगी। सपा विधायक का हठ योग धरना पांचवें दिन भी जारी रहा।
विधायक अमिताभ बाजपेई के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सपा सरकार द्वारा कानपुर में जारी की गई नवीन मार्केट और न्यूरो वार्ड योजना के बारे में पूछा। इसके अलावा सरकार आने पर एलीवेटेड रोड बनवाने का वादा किया। शुक्रवार को जलापूर्ति समस्या को दूर करने के लिए वरुण देवता का आह्वान करते हुए हवन पूजन किया। शुक्रवार को धरने पर सिटी मजिस्ट्रेट हिमांशु गुप्ता, सीओ राजेश कुमार, जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर निर्दोष कुमार जौहरी भी आए। इसके अलावा व्यापार मंडल के पदाधिकारी और पार्टी के कार्यकर्ता भी पहुंचे। उनके साथ धरने पर पार्षद अनुज गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, अमित मेहरोत्रा, पूर्व पार्षद मोहम्मद सारिया, अंबर त्रिवेदी, सुशील तिवारी, हरीओम पांडे, नीशू यादव, अनुज निगम, विपिन, कृष्ण गोपाल, हर्ष नागवंशी, आकाश रहे।