Move to Jagran APP

कमल संदेश पदयात्रा : 15 दिन बाद थमा भाजपा का 150 किमी का सफर

केंद्रीय राज्यमंत्री शिवप्रताप शुक्ला ने किया पदयात्रा का समापन, विधानसभा क्षेत्रों में आखिरी दिन भी निकली कमल संदेश पदयात्रा।

By Edited By: Published: Sun, 16 Dec 2018 01:45 AM (IST)Updated: Sun, 16 Dec 2018 11:51 AM (IST)
कमल संदेश पदयात्रा : 15 दिन बाद थमा भाजपा का 150 किमी का सफर
कमल संदेश पदयात्रा : 15 दिन बाद थमा भाजपा का 150 किमी का सफर
कानपुर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने पंद्रह दिन का महाजनसंपर्क अभियान चलाया। हर विधानसभा क्षेत्र में 150 किलोमीटर पदयात्रा का लक्ष्य निर्धारित कर एक से पंद्रह दिसंबर तक पार्टी नेता और कार्यकर्ता गली-गली घूमे। योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर सरकार की उपलब्धियां गिनाई। आखिरी दिन शनिवार को भी सभी क्षेत्रों में पदयात्रा निकली।
कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र की पदयात्रा सुबह दस बजे गुरुदेव पैलेस से केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिवप्रताप शुक्ला के नेतृत्व में निकाली गई। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय रहें। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर खूब निशाना साधा। उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि पंद्रह दिन में 9344 कार्यकर्ताओं ने 150 किलोमीटर की पदयात्रा कर 941 बूथों पर संपर्क किया। इसके अलावा गोविंदनगर, आर्यनगर और सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में भी पदयात्रा निकाली गई। इनमें विधायक नीलिमा कटियार, मणिकांत जैन, देवेश कोरी, सुरेश अवस्थी, सुनील बजाज, पूनम कपूर, सत्येंद्रनाथ पांडेय, संतोष शुक्ला, दीपक सिंह, रंजीता पाठक, अनूप पचौरी, अनिल दीक्षित, अनूप अवस्थी आदि थे।
दक्षिण में महाना ने किया पदयात्रा का समापन
दक्षिण जिला में किदवई नगर, छावनी और महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा निकाली गई। शाम को औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना के नेतृत्व में निकली यात्रा का समापन उनके लाल बंगला स्थित कैंप कार्यालय पर हुआ। जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता ने बताया कि पंद्रह दिन की यात्रा में कार्यकर्ताओं ने 1077 बूथों पर संपर्क किया। पदयात्राओं में विधायक महेश त्रिवेदी, पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया, प्रमोद अग्रहरि, शिवराम सिंह, राकेश तिवारी, शिवशकर सैनी, सरन तिवारी, संदीपन अवस्थी, अचल गुप्ता, अनीता दीक्षित, सौम्या सिंह, नीरज गुप्ता आदि मौजूद रहे। वहीं, हाल ही में पांच राज्यों में मिली हार के बाद भाजपा आत्ममंथन में जुट गई है।
वहीं, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिवप्रताप शुक्ला इन परिणामों को कतई गंभीरता से नहीं लेते। उनका कहना है कि इन राज्यों में मिली हार का कोई दोषी नहीं है। लोकसभा चुनाव पर भी इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शनिवार को कानपुर में कमल संदेश पदयात्रा के समापन में शामिल हुए थे। गुरुदेव पैलेस से शुरू हुई समापन यात्रा के दौरान वह पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मप्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ भाजपा के हाथ से गए हैं। मगर, पार्टी इसके लिए किसी को दोषी नहीं मानती है। हार के कारणों की समीक्षा की जा रही है।
2019 का लोकसभा चुनाव भाजपा पूरी तैयारी से लड़ेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि विधानसभा चुनाव परिणामों का कोई असर लोकसभा चुनाव पर नहीं पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा फिर सफलता हासिल करेगी। राफेल विमान सौदा मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के सवाल पर बोले कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी झूठे हैं। यह अब साबित हो चुका है। वहीं, राम मंदिर निर्माण के सवाल पर कहा कि राम मंदिर भाजपा के लिए कभी चुनावी एजेंडा नहीं रहा। यह हमेशा से हमारी आस्था का विषय रहा है और अब भी है।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.