उन्नाव में आप के विधायक को आधी रात के बाद पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से किया गया बाहर, विधायक ने किया ट्वीट
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रशासन के निर्देश पर निरीक्षण भवन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने विधायक से एससी एसटी आयोग के मेहमानों को रोकने के लिए गेस्ट हाउस खाली करने की बात कही थी।
उन्नाव, जेएनएन। दिल्ली के सीएम तथा आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद से ही उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में बेहद सक्रिय है। उत्तर प्रदेश के प्रभारी और आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के साथ ही अब पार्टी के अन्य नेता तथा विधायक उत्तर प्रदेश में अपना दखल बढ़ा रहे हैं।
उन्नाव में सोमवार देर शाम पहुंचे दिल्ली के जनकपुरी से आम आदमी पार्टी के विधायक राजेश ऋषि को उन्नाव जिला प्रशासन ने देर रात करीब 12 बजे पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस खाली करने का फरमान सुना दिया। विधायक को मंगलवार को उन्नाव में पार्टी के जिला कार्यालय का उद्घाटन करना है। इस कृत्य को लेकर आम आदमी पार्टी के जिला तथा प्रदेश के कार्यकर्ताओं में खासा रोष है।
हमारे जनकपुरी विधायक @aaprajeshrishi जो UP में#उन्नाव के प्रभारी है उनेह रात #उन्नाव में PWD के गेस्ट हाउस से जबरदस्ती निकाल दिया। DM Unnao ने गेट पर ताला लगवा दिया। @ArvindKejriwal और @SanjayAzadSln जी से योगी सरकार की हवा निकली हुई है डरी सहमी हुई है।@AAPDelhi @AamAadmiParty pic.twitter.com/MEoIRvD0Ug— JANAKPURI KI AWAAZ (@Shalini_74) January 5, 2021
विधायक राजेश ऋषि को उन्नाव में पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस में रोका गया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने आधी रात में सरकारी गेस्ट हाउस से बाहर कर दिया। यह आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी के नेताओं ने एक ट्वीट किया है। उन्नाव में पार्टी के जिलाध्यक्ष महेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि दिल्ली से विधायक राजेश ऋषि सोमवार रात आए थे। इसके बाद उन्हेंं पहले तो लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में पहले प्रवेश नहीं दिया गया और जब प्रवेश दिया गया तो थोड़ी देर बाद ही उन्हेंं बाहर जाने के लिए दबाव बनाया जाने लगा।
अध्यक्ष का आरोप है कि प्रशासन के निर्देश पर विधायक राजेश ऋषि को वहां पर एससी एसटी आयोग के सदस्यों को रोकने की जानकारी दी गई। इसके बाद निरीक्षण भवन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनसे गेस्ट हाउस खाली करने को कहा। जिलाध्यक्ष ने बताया सरकारी गेस्ट हाउस से बाहर होने के बाद विधायक को होटल में रोका गया। उन्हेंं मंगलवार दोपहर दो बजे आम आदमी पार्टी जिला कार्यालय का उद्घाटन करना है। वहीं, जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने इस मामले की जानकारी न होने की बात कही है। उन्होंने इस बाबत सिटी मजिस्ट्रेट चंदन पटेल से जानकारी करने की बात कही है। सिटी मजिस्ट्रेट का फोन पहुंच से बाहर चल रहा है।