आइआइटी अंतराग्नि में आएंगे चंद्रकांता के 'क्रूर सिंह' और नीदरलैंड के क्वींटीनो
सांस्कृतिक महोत्सव अंतराग्नि-2018 में गिटारिस्ट गुठरी गोवेन की धुनों से रॉक बैंड नाइट सजेगी। कार्यक्रम की रूपरेखा व निर्णायक मंडल के नाम तय हो गए हैं।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। आइआइटी के सांस्कृतिक महोत्सव अंतराग्नि-2018 में आवाज और अंदाज का जलवा बिखेरने के लिए युवा बेकरार हैं। खास बात ये है कि इस बार उभरते कलाकारों के साथ रॉक बैंड की दुनिया में धूम मचाने वाले गिटारिस्ट गुठरी गोवेन भी चार चांद लगाएंगे। देशभर के कॉलेजों से तकरीबन दस हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं आएंगे। विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये रखी गई है, जो पिछले साल की अपेक्षा पांच लाख अधिक है।
25 अक्टूबर से शुरू होगा कार्यक्रम
आइआइटी में 25 से 28 अक्टूबर तक आयोजित अंतराग्नि की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कार्यक्रम की रूपरेखा तय कर निर्णायक मंडल के नाम फाइनल कर लिए गए हैं। अंतराग्नि के हेड मीडिया प्रांजल प्रसून ने बताया कि इस बार नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में बॉलीवुड के कलाकार व चंद्रकांता नाटक में क्रूर सिंह का किरदार निभाने वाले अखिलेंद्र मिश्र होंगे। उनके साथ सुरेंद्र पाल व मशहूर फिल्म डायरेक्टर विक्की सदाना आएंगे। वहीं फैशन में अपना हुनर पेश करने की ख्वाहिश रखने वालों के लिए ऋतंभरा इस बार बहुत खास होगा। इसके निर्णायकों में मिस टीन यूनिवर्स श्रीया थोर्न, मॉडल जेलिना होंगी। ईडीएम नाइट में नीदरलैंड के क्वींटीनो को आमंत्रित किया गया है। यू ट्यूब में इन कलाकार के करीब 50 लाख चाहने वाले हैं। सांस्कृतिक महोत्सव का सहयोगी पार्टनर दैनिक जागरण है।
यूट्यूब स्टार होंगे छात्रों के सामने
अंतराग्नि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ यूट्यूब की सामूहिक चर्चा भी होगी। इसमें पहली बार यूट्यूब स्टार छात्र-छात्राओं के सामने होंगे। यह बताएंगे कि किस तरह यूट्यूब को कॅरियर के रूप में अपनाया जा सकता है। इस बार नृत्य, गायन, ड्रामा अथवा नुक्कड़ नाटक, फिल्म, फाइन आट्र्स, इंस्ट्रूमेंट, फोटोग्राफी, क्विज, मिस्टर एंड मिस अंतराग्नि के अंतर्गत कई इवेंट होंगे।