दारोगा की पिस्टल छीनकर भागा लूट का आरोपित जवाबी फायरिंग में घायल
पुलिस ने घायल शातिर को उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया वह बीएससी अंतिम वर्ष का छात्र है।
कानपुर, जेएनएन। बिठूर थाना क्षेत्र में लूट के आरोपित को पकड़कर पुलिस थाने ले जा रही थी। इस बीच उसने दारोगा की पिस्टल छीनकर पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में गोली लगने से वह जख्मी हो गया। उसे उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिठूर में गंगा बैराज हाइवे पर संडीला गांव के सामने तीन फरवरी को बरेली शराब कंपनी के मैनेजर और सेल्समैन से साढ़े चार लाख की लूट हुई थी। इस वारदात में शामिल रहे 23 वर्षीय अजय उफऱ् संदीप निवासी दशहरा रसूलाबाद की तलाश पुलिस कर रही थी। मंगलवार शाम को पुलिस ने उसे सिंहपुर तिराहे से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बिठूर पुलिस लूट की रकम की बरामदगी के लिए उसे बिल्हौर ले गई। यहां से पुलिस 19 हजार रुपये बरामद कर उसे वापस बिठूर थाने ला रही थी।
बुधवार भोर पहर चार बजे उसने लूट में शामिल रहे सनी के गंगा बैराज तिराहा आने की जानकारी दी। इस पर पुलिस उसे ले जाकर सनी का इंतजार करने लगी। इसी बीच शातिर ने प्रशिक्षु दारोगा की सर्विस पिस्टल छीन ली और भागने लगा। पीछा कर रही पुलिस पर उसे दो फायर भी किए। बिठूर थानाप्रभारी सुधीर कुमार पवार और मंधना चौकी इंचार्ज सोम प्रकाश सिंह ने भी जवाबी फायरिंग की। एक गोली अजय के बाएं पैर में लगी। इसके बाद घायल आरोपित को पुलिस ने उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपित बीएससी अंतिम वर्ष का छात्र है।