अलग-अलग गुजर रही थी जिंदगी, फिर ऐसा क्या हुआ कि साथ में चल पड़े घर की ओर Kanpur News
आपसी विवाद खत्म कर एक साथ रहने को तैयार हुए 31 जोड़े जनपद न्यायाधीश ने सभी को आशीर्वाद देकर किया विदा।
कानपुर, जेएनएन। शनिवार को जनपद न्यायाधीश की कोर्ट में माहौल काफी खुशनुमा था। वर्षों से कानूनी लड़ाई लड़ रहे पति-पत्नी आज एक दूसरे का हाथ थामकर खुश थे। न्यायिक अधिकारियों के सामने विवादों को दरकिनार कर फिर से एक हुए पति-पत्नी ने एक दूसरे को माला पहना मिठाई खिलाई। ऐसे 31 जोड़ों को जनपद न्यायाधीश अशोक कुमार सिंह ने सुखी दांपत्य जीवन के सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि एक दूसरे के विचारों का सम्मान करें। छोटी बातों पर विवाद हर जगह होते हैं। इन विवादों को नजरअंदाज करने में ही समझदारी है। उन्होंने सभी को आशीर्वाद देकर विदा किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया था। इसमे मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर, सिविल, लघु अपराधिक एवं वैवाहिक विवादों और बैंक से जुड़े मामलों का सुलह समझौता के आधार पर निस्तारण किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में 10,068 मामलों का निस्तारण हुआ। इसमें 12,63,92,788 रुपये की धनराशि दिलाई और वसूल की गई। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक संगीता श्रीवास्तव, न्यायिक अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, रवींद्र कुमार, चन्द्र शीला, चंद्र प्रकाश तिवारी, संध्या श्रीवास्तव, विनोद कुमार सिंह, सचिव चिंता राम उपस्थित रहे।
लोक अदालत में ये मामले हुए निस्तारित
-सीएमएम तनु भटनागर ने 3094 मुकदमों का निस्तारण किया
-मोटर दुर्घटना के 53 मामलों के पीडि़तों को 2,62,40,000 की धनराशि दिलाई गई
-कामर्शियल कोर्ट ने दस मामलों के पीडि़तों को 48,41,027 की धनराशि दिलाई
-प्रीलिटिगेशन स्तर पर 957 मामले निपटाए गए और 6,23,53,018 का समझौता बैंकों ने किया
-वैवाहिक विवादों के 138 मामले निस्तारित किए गए