गुस्से में बारात लेकर वापस जा रहा था दूल्हा, फिर पुलिस की हुई एंट्री, और टूटने से बच गई शादी
पुलिस हमेशा अपने कभी अच्छे व कभी बुरे कार्यों को लेकर चर्चा में रहती है। इस बार महोबा में पुलिस की अच्छी छवि सामने आई है। यहां दो एक शादी को टूटने में पुलिस ने अपनी अहम भूमिका निभाई। जिसकी वजह से दो दिल एक हो गए।
महोबा, जागरण संवाददता। खाने को लेकर घरातियों व बारातियों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दूल्हा बारात वापस लेकर जाने लगा। सूचना पर डायल 112 व अजनर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाया गया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में विवाद शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सका।
थाना अजनर क्षेत्र के ग्राम बघौरा में ग्राम देवरी थाना मऊरानीपुर झांसी से बारात आई थी। लेकिन शादी के दौरान खाने पीने को लेकर बारातियों व घरातियों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट हुई और विवाह स्थल में भी तोडफ़ोड़ की गई। दूल्हा बारात लेकर पैदल ही चल दिया। किसी ने 26 जनवरी की देर रात करीब दो बजे हुई इस घटना की सूचना डायल 112 की पीआरवी-1264 को दी। इसके बाद पीआरवी कर्मी व थाना अजनर पुलिस टीम मौके पर पहुंची घटना की जानकारी ली।
पुलिस टीम ने सात किमी दूर जा चुकी बारात को रोका और इसके बाद वर व वधू पक्ष को समझाया। इतना कुछ होने के बाद भी दोनों पक्ष शादी को तैयार हो गए। लेकिन शादी वाले स्थान में झगड़ा होने के कारण सबकुछ अस्त-व्यस्त हो गया था। जिस पर थाना अजनर पुलिस टीम ने आगे बढ़कर पहल की व बिखरे पड़े सामान को सुसज्जित करवाया। दोनों पक्षों में आपस में मेल भी करवाया, मंडप की व्यवस्था कराते हुए अपने संरक्षण में शादी को सकुशल संपन्न करवाते हुए वर वधू को आशीर्वाद प्रदान कर बारात को राजी खुशी विदा किया। सभी ने पुलिस टीम की सराहना की।