Weather Kanpur Update: दस दिसंबर से चलेगी शीत लहर, पड़ेगा कोहरा, तापमान में ज्यादा नहीं होगी गिरावट
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश हो सकती है। 10 11 या फिर 12 दिसंबर से शीत लहर चलने के आसार हैं। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक इस हफ्ते शीत लहर नहीं चलेगी। 10 या 11 दिसंबर के बाद से कुछ संभावना बन रही है।
कानपुर, जेएनएन। लखनऊ, कानपुर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, शाहजहांपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या समेत प्रदेश के अन्य जनपदों में मौसम शुष्क बना हुआ है। हवा सामान्य से तेज चल रही है, लेकिन तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं है। इस हफ्ते न्यूनतम तापमान नौ से 12 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। शनिवार से जम्मू कश्मीर के पास नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, लेकिन उसका असर बहुत ज्यादा नहीं है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश हो सकती है। 10, 11 या फिर 12 दिसंबर से शीत लहर चलने के आसार हैं। सुबह और शाम के समय कोहरा पड़ने की संभावना है।
तूफान की वजह से नमी बरकरार
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के उत्तर पश्चिम जिलों में 25 नवंबर को हल्की वर्षा हुई थी, जिसके बाद से तापमान में कोई खास उतार चढ़ाव नहीं हुआ है। कैस्पियन सागर से शुष्क हवा लगातार आ रही है, वहीं दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुए चक्रवाती तूफान की वजह से हवा में नमी भी बरकरार है। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक इस हफ्ते शीत लहर नहीं चलेगी। 10 या 11 दिसंबर के बाद से कुछ संभावना बन रही है।
कीट और रोगों का हो सकता हमला
मौसम में हो रहे उतार चढ़ाव की वजह से फसलों में कीटों और रोगों का प्रकोप बढ़ सकता है, ऐसे में उनका प्रबंधन आवश्यक है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शाकभाजी अनुभाग के डॉ. संजीव सचान ने बताया कि तैयार फसलों में जरूरत के मुताबिक ही सिंचाई की जाए, जबकि फसलों की नियमित निरीक्षण करने की आवश्यकता है। सब्जियों और अन्य फसलों में इस समय दीमक का हमला होता है। टमाटर, प्याज, गोभी, बैंगन आदि सब्जियों की रोपाई कर सकते हैं। गेंहू की 20 से 25 दिन की हो चुकी फसल में पानी देना चाहिए। सरसों की 30 से 35 दिन की फसल में भी सिंचाई करने की जरूरत है।