भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- आतंकियों नहीं, शंकराचार्य की गिरफ्तारी करवाती कांग्रेस
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने बांगरमऊ सीट पर उपचुनाव में फतेहपुर चौरासी में युवा-किसान सम्मेलन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए तीर छोड़े। सर्जिकल स्ट्राइक और तीन तलाक खत्म किया जाना एतिहासिक कदम बताया ।
उन्नाव, जेएनएन। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि कांग्रेस आतंकियों को नहीं, शंकराचार्य को गिरफ्तार करवाती है। देश में ऐसा पहली बार हुआ है। कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक करने का किसी में दम है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मे है। तीन तलाक खत्म करके उन्होंने मुस्लिम महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है। वह बांगरमऊ उपचुनाव में फतेहपुर चौरासी में युवा और किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
योगी सरकार में काम, बाकी दलों ने छला
केंद्रीय चुनाव कार्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में विकास के काम हुए हैं। बाकी दलों ने जनता को सिर्फ छला है। कार्यकर्ता बांगरमऊ सीट को पार्टी के खाते में बनाए रखने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटें। उन्होंने कानून मंत्री बृजेश पाठक के साथ मिलकर कार्यकर्ताओं को जीत के टिप्स भी दिए। उधर, बसपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएलसी अशोक कटियार के बेटे वरुण कटियार ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने पार्टी की सदस्यता ली।
भाजपा उम्मीदवार श्रीकांत कटियार के समर्थन में पिछड़ा वर्ग की सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी भी जाति की राजनीति नहीं की। सबका साथ सबका विकास के मुद्दे पर काम करती है। कानून मंत्री बृजेश पाठक ने कहा सिर्फ मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के शासनकाल में बांगरमऊ में चुनावी वादे पूरे हुए हैं।