शिवालयों में हर- हर महादेव का उद्घोष
महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को लाखों श्रद्धालु महादेव का पूजन कर सुख समृद्धि की कामना करेंगे।
जागरण संवाददाता, कानपुर : महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को लाखों श्रद्धालु महादेव का पूजन कर सुख समृद्धि की कामना करेंगे। प्रभु के दर्शन के लिए गुरुवार की रात 12 बजे से ही आनंदेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर में श्रद्धालुओ का सैलाब उमड़ पड़ा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जब रात पौने दो बजे आनंदेश्वर मंदिर के पट खुले तो श्रद्धालुओं ने जल, दूध, दही, घृत, शहद अर्पित किया। इस दौरान 'हर- हर महादेव ' का उद्घोष वातावरण में गूंज उठा। भोर में पट खुलने पर यही स्थिति सिद्धनाथ मंदिर की भी रही। जागेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर व आनंदेश्वर मंदिर में देर रात तक पूजन अर्चन हुआ।
गुरुवार को शयन आरती से पहले सभी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। इस दौरान कमल पुष्प, धतूरा आदि फूलों की खरीदारी भी खूब हुई। मंदिरों में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। आनंदेश्वर मंदिर में बेरीकेडिंग का काम शाम करीब चार बजे पूरा हुआ। शिवरात्रि पर प्रभु की कृपा पाने के लिए रात 12 बजे से ही भक्त नंगे पांव मंदिर पहुंच गए। एक बजे तक ग्रीन पार्क स्टेडियम तक कतार लग गई थी।
शिव बारात भी निकलेगी
आज लाल बंगला, अशोक नगर, गोविंद नगर समेत कई जगहों पर शिव बारात भी निकाली जाएगी। भगवान शिव, माता पार्वती, हनुमान जी, दुर्गा जी आदि देवी देतवाओं की झांकियां भक्तो के आकर्षण का केंद्र होंगी।
आज आएंगे अनूप जलोटा
भोलेश्वर मंदिर स्वरूप नगर में शुक्रवार को आयोजित उत्सव में अभिनेता राजपाल यादव, गायक अनवर हुसैन, भजन गायक अनूप जलोटा प्रस्तुति देंगे। शाम सात बजे से श्रद्धालु भजनों पर झूमेंगे।
..
पार्थिव शिवलिंग का पूजन करने से आएगी समृद्धि
महाशिवरात्रि पर भगवान शिव का अभिषेक करने सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। पार्थिव शिवलिंग का पूजन करने से दरिद्रता दूर होती है और कष्टों से मुक्ति मिलती है। ज्योतिषाचार्य आचार्य अमरेश मिश्र के मुताबिक शत्रु पर विजय के लिए सरसो के तेल और अंगूर के रस से अभिषेक करना चाहिए। जो भक्त प्रभु को बेल पत्र अर्पित करते हैं उनके जीवन में दुख की छाया भी कभी नहीं पड़ती। इतना ही नहीं तीन जन्मों के पापों का शमन भी हो जाता है।
अभिषेक से मिलने वाला फल
0 लक्ष्मी प्राप्ति के लिए गन्ने के रस
0 पुत्र प्राप्ति के लिए चीनी मिश्रित जल
0 पाप के नाश के लिए शहद से
0 आरोग्यता के लिए घृत से
0 दीर्घायु के लिए गाय के दूध से
0 बुद्धि की जड़ता दूर करने के लिए शक्कर मिले दूध से
0 वंश विस्तार के लिए घृत से
अभिषेक में इन पदार्थो का करें प्रयोग
पूजन और अभिषेक के लिए दूध, दही, शहद, शक्कर, गंगा जल, घृत मिलाकर बनाए गये पंचामृत से भगवान का अभिषेक किया जा सकता है। काला तिल, जौ, चावल, रोली, चंदन, धतूरा, बेल पत्र, शमी पत्र, तुलसी पत्र, दूर्बा आदि पूजन पूजन सामग्रियां प्रभु को अर्पित करनी चाहिए।
इस मंत्र का करें जाप
0 ॐ ˜यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम। उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥
0 ॐ तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि। तन्नो रुद्र: प्रचोदयात॥
इन नामों का करें जाप
ॐ अघोराय नम:, ॐ पशुपतये नम, ॐ शर्वाय नम:, ॐ विरूपाक्षाय नम:, ॐ विश्वरूपिणे नम:, ॐ ˜यम्बकाय नम: , ॐकपर्दिने नम:, ॐ भैरवाय नम:, ॐशूलपाणये नम:, ॐईशानाय नम , ॐ महेश्वराय नम:।
.......
शिव मंदिरों में सफाई हो : इरफान सपा विधायक इरफान सोलंकी ने गुरुवार को नगर आयुक्त से मुलाकात कर महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों की सफाई और रोशनी की व्यवस्था करने के लिए कहा। उन्होंने नगर आयुक्त को ज्ञापन भी दिया। उनके साथ पार्षद मुरसलीन खा, लियाकत अली मौजूद रहे।