पर्स में रहेगा बॉडीगार्ड, कीमत भी बहुत कम, एक झटके में बेहोश हो जाएगा शोहदा हो या बदमाश
कामकाजी महिलाओं व स्कूल कॉलेज जाने वाली छात्राओं को अब शोहदों या बदमाशों से डरने की जरूरत नहीं है।
कानपुर, जेएनएन। कामकाजी महिलाओं व स्कूल कॉलेज जाने वाली छात्राओं को अब शोहदों या बदमाशों से डरने की जरूरत नहीं है। अब उनके साथ एक बॉडीगार्ड हमेशा रह सकता है, वह भी उनके पर्स में। यह एक झटके में बदमाशों को बेहोश कर देगा। साथ ही महिला के पांच करीबियों को फोन पर अलर्ट करते हुए लोकेशन भी भेज देगा। चौंकिए नहीं, यह कोई जीता-जागता बॉडीगार्ड नहीं है जिसके लिए आपको मोटा वेतन देना पड़ेगा। यह तो एक इलेक्ट्रिक डिवाइस है, जिसे कानपुर के सर्वोदय नगर स्थित श्री हंस एनर्जी सिस्टम कंपनी ने बनाया है।
पॉकेट बेटन नाम की है डिवाइस
कंपनी ने इस डिवाइस को पॉकेट बेटन का नाम दिया गया है। टार्च जैसी दिखने वाली यह छोटी सी डिवाइस पर्स या जेब में रखी जा सकती है। हाई इंटेंसिटी वाली यह लेजर टॉर्च इलेक्ट्रिक शॉक भी देती है। यदि कोई बदमाश सामने आए तो उसकी आंखों में डिवाइस की लेजर रोशनी मारकर निकल सकती है। इससे कुछ समय तक बदमाश को दिखाई नहीं देगा।
शॉक देते ही बेहोश हो जाएगा शोहदा
यदि इस पर भी बात न बने तो उसे शॉक दिया जा सकता है, जिससे वह कुछ मिनट के लिए बेहोश हो जाएगा। इस दौरान महिला मदद के लिए शोर मचा सकती है। पांच करीबियों को पहुंच जाएगा अलर्ट पॉकेट बेटन में महिलाएं अपने करीबी पांच लोगों के मोबाइल नंबर भी सेव कर सकती हैं। आपात स्थिति में बटन दबाते ही पांचों लोगों के पास मैसेज के साथ लोकेशन भी पहुंच जाएगी। जो भी करीब होगा वह मदद के लिए पहुंच जाएगा।
ज्यादा कीमती भी नहीं ये सुरक्षा
इस डिवाइस की कीमत कंपनी ने 3500 रुपये तय की है। पॉलीमर बैट्री वाली यह टॉर्च एक बार चार्ज करने पर तीन महीने तक या सौ बार इस्तेमाल की जा सकती है। इसमें बायोमीट्रिक लॉक भी होगा यानी जिसकी पॉकेट बेटन होगी, उसके अलावा दूसरा इसे चला भी नहीं पाएगा। डिफेंस एक्सपो में दिखा जलवा लखनऊ के डिफेंस एक्सपो-2020 में इसका प्रदर्शन कंपनी ने किया था। कंपनी के निदेशक गौरव पिलानिया कहते हैं कि एक्सपो में महिलाओं ने व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए इसे बेहद पसंद किया। करीब सौ आर्डर बुक कराए गए हैं।