इंदिरा नगर में लीकेज, पांच लाख लोगों की जलापूर्ति ठप
सब्जी मंडी इंदिरा नगर में गुरुवार को शाम को गंगा बैराज की मुख्य पाइप लाइन में लीकेज होने से क्षेत्र में पानी भर गया।
जागरण संवाददाता, कानपुर : सब्जी मंडी इंदिरा नगर में गुरुवार को शाम को गंगा बैराज की मुख्य पाइप लाइन में लीकेज होने से क्षेत्र में पानी भर गया। जलकल ने गंगा बैराज वाटर ट्रीटमेंट से 11 वाटर पंपिंग स्टेशनों को होने वाली जलापूर्ति बंद कर दी। यहां से रोज पांच लाख लोगों को पीने के पानी की सप्लाई की जाती है।
शाम लगभग सवा सात बजे इंदिरा नगर में स्थित सब्जी मंडी के पास गंगा बैराज प्लांट से आ रही 48 इंच मुख्य सीवर लाइन में लीकेज हो गया। फव्वारे के रूप में क्षेत्र में पानी भरने लगा। क्षेत्रीय लोगों को लगा कि मैनहोल और नाला ओवर फ्लो हो गया। लीकेज नजर आने पर जलकल अफसरों को जानकारी दी गयी। जलकल ने गंगा बैराज ट्रीटमेंट प्लांट से होने पश्चिम क्षेत्र में होने वाली जलापूर्ति को बंद कर दिया।
पनकी, सरायमीता, दयानंद विहार, आवास विकास कल्याणपुर, विनायक पुर, शारदा नगर, गीतानगर, इंदिरा नगर समेत कई इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
जलकल के अवर अभियंता रवि प्रकाश ने बताया कि मुख्य पाइप लाइन में लीकेज हो गया है। बाजार में पानी भर गया। जल निकासी कराई जा रही है। रात में खोदाई कराने के बाद ही पता चल पाएगा कि किस कारण लीकेज हुआ है। सुबह जलापूर्ति होना मुश्किल है। जरूरत पड़ने पर क्षेत्र में पानी के टैंकर भेजे जाएगे।
फाल्ट ठीक होने के बाद जलापूर्ति सुबह हुई
बिजली फाल्ट के कारण बैराज से जलापूर्ति बंद थी। गुरुवार को सुबह ही जलापूर्ति शुरू की गयी। शाम को फिर बंद हो गयी।
गंगा बैराज ट्रीटमेंट प्लांट से होती जलापूर्ति
11 - वाटर पंपिंग स्टेशन
4 करोड़ लीटर जलापूर्ति
40 मोहल्लों में होती जलापूर्ति
5 लाख जनता को मिलता पानी
पंपिंग स्टेशन -दयानंद विहार, इंदिरा नगर, मकड़ीखेड़ा विकास नगर, सत्यम विहार, माबलीपुरम्, मसवानपुर, शारदा नगर, पनकी, पनकी गंगा गंज, रतनपुर