उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य बोले, देश में धारा 370 हटाने का समय आ गया Kanpur News
कानपुर आए उपमुख्यमंत्री ने भाजपा के सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया।
कानपुर, जेएनएन। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने भी देश में धारा 370 को हटाने की पैरवी की है। शनिवार को शहर में भाजपा के सदस्यता अभियान की समीक्षा करने आए उपमुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों व कार्यकताओं से मुलाकात की और पार्टी की नीतियों से अवगत कराते हुए संगठन मजबूती का आह्वान किया। साथ ही जल संचयन और पौधरोपण के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को शहर पहुंचे। भाजपा के पार्टी सदस्यता अभियान कार्यक्रम में केशव मौर्य ने कहा कि आज श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्मदिवस है, उनका बलिदान भुलाया नहीं जा सकता है। कहा, अब देश में धारा 370 को हटाने का समय आ गया है। सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस अभियान के साथ सामाजिक दायित्व भी निभाएं। उन्होंने सदस्यों की संख्या बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि 100 में 60 हमारा है बाकी में बटवारा है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं है, वह सामाजिक दायित्वों को लेकर बेहद सजग रहती है। इसलिए कार्यकर्ता जब सदस्यता अभियान के लिए निकलें तो सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पौधरोपण अभियान, जल संचयन और तालाबों के संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि बूथों को ए, बी, सी और डी कैटेगिरी में बांटा जाएगा। सी और डी में उन बूथों को शामिल किया जाएगा, जहां पार्टी के वोट बहुत कम है। इन बूथों पर पदाधिकारियों को लगाकर सदस्य बढ़ाए जाएंगे।