फर्रुखाबाद में दूल्हों को भारी पड़ गई नासमझी, बैरंग लौटे बराती
सज-धज कर आए बराती काफी देर तक भूखे प्यासे इंतजार करते रहे और फिर लौट गए।
फर्रुखाबाद, जेएनएन। शहर में दो जगह शादी समारोह में दूल्हों को उनकी नासमझी भारी पड़ गई। उनकी हरकतों से नाराज दुल्हनों ने शादी से इंकार कर दिया और मंडप सूने रह गए। सज-धज कर आए बराती काफी देर तक भूखे प्यासे शादी का इंतजार करते रहे लेकिन जब बात नहीं बनी तो उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
दुल्हन की सहेलियों से की अश्लील हरकतें
मेरापुर थाना क्षेत्र के साहबगंज गांव की युवती की शादी समारोह का आयोजन संकिसा के एक मौरिज होम में था और बरात मैनपुरी के नाहिली गांव से आई थी। रविवार रात बरात का स्वागत और द्वारचार की रस्म धूमधाम से हुई। जयमाल के लिए दूल्हा स्टेज पर पहुंचा, कुछ देर में दुल्हन अपनी सहेलियों के साथ आई। इस बीच दूल्हे ने दुल्हन की सहेलियों से अश्लील हरकतें कर दीं। इससे नाराज दुल्हन जयमाल की रस्म अदा किए बिना स्टेज से उतर कर कमरे में चली गई और शादी से इंकार कर दिया।
दुल्हन द्वारा शादी न करने पर समारोह में जनातियों और बरातियों के बीच अफरा तफरी मच गई। जयमाल की रस्म देखने के बाद खाना खाने का इंतजार कर रहे बराती भूखे-प्यास बने रहे। काफी देर तक दुल्हन को मनाने का प्रयास किया गया लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। इसके बाद कन्या पक्ष और वर पक्ष में तकरार शुरू हो गई। किसी ने यूपी-100 पुलिस को सूचना दी। मैरिज होम पहुंची पुलिस दोनों पक्षो को थाने ले गई और समझौते के प्रयास शुरू हो गए। सुबह होने पर दूल्हा व बराती बैरंग लौट गए।
देर से पहुंची बरात, हो गई हाथापाई
झंसी गांव में कन्नौज जनपद के थाना ठठिया के गांव साड़ा से रविवार रात करीब दो बजे बरात आई। पहले बरात बिलंब से पहुंचने पर कन्या और पर पक्ष में विवाद हो गया। किसी तरह द्वारचार के समय नेग को लेकर फिर विवाद हो गया और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। नाश्ता किए बगैर शादी समारोह में पहुंचे बराती भूखे-प्यास बने रहे। विवाद और हाथापाई के बाद बराती चुपचाप लौटने को मजबूर हुए। मंडप सूना पड़ा रह गया और दूल्हा भी चला गया। यहां भी शादी नहीं हो सकी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप