सपा मतगणना से पहले समीक्षा कर जानेगी कितनी मजबूती से लड़ा गठबंधन
बैठक कर मंडलवार की जाएगी मतदान की समीक्षा पिछले सभी लोकसभा चुनावों में रहा है बहुत निराशाजनक परिणाम।
कानपुर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव में हमेशा कमजोर साबित हुई सपा को बसपा के साथ ने कितनी ताकत दी, यह तो 23 मई को स्पष्ट होगा। मगर, उसके पहले ही सपा मंडलवार समीक्षा कर संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर रुझान की समीक्षा करने जा रही है।
कानपुर में मतदान होने के बाद राजनीतिक दलों ने संगठन की सक्रियता और भूमिका की समीक्षा करना अभी से शुरू कर दिया है। भाजपा इसके लिए अलग-अलग मोर्चा और प्रकोष्ठों की बैठक कर रही है। अब सपा ने भी समीक्षा का निर्णय लिया है। अब तक लोकसभा चुनाव में सपा और बसपा तब भी अच्छा वोट हासिल नहीं कर सकीं, जब प्रदेश में इनकी सरकार रही है। लिहाजा, भाजपा के विजय रथ को रोकने के लिए इस बार गठबंधन कर चुनाव लड़ रही हैं।
कानपुर लोकसभा क्षेत्र की दो विधानसभा क्षेत्रों में सपा के विधायक हैं। ऐसे में पार्टी की उम्मीदें मजबूत हैं। सपा नगर अध्यक्ष अब्दुल मुईन खां ने बताया कि मतगणना से पहले मंडलवार समीक्षा की जाएगी। कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जाएगा कि मतदान में बूथ स्तर टीमें कितनी सक्रिय रहीं और उन्होंने गठबंधन का रुझान कितना भांपा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप