कानपुर सेंट्रल स्टेशन से फिर बच्चा चोरी, महिला ने की घटना
सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी का गिरोह सक्रिय है। गिरोह में शामिल महिलाएं व पुरुष यात्रियों को झांसा देकर उनके बच्चे गायब कर रहे हैं। स्टेशन परिसर में जीआरपी और आरपीएफ की मौजूदगी के बाद भी अपराध हो रहे हैं।
जागरण संवाददाता, कानपुर : सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी का गिरोह सक्रिय है। गिरोह में शामिल महिलाएं व पुरुष यात्रियों को झांसा देकर उनके बच्चे गायब कर रहे हैं। स्टेशन परिसर में जीआरपी और आरपीएफ की मौजूदगी के बाद भी अपराध हो रहे हैं। दस दिन पहले कैंट साइड से अपहरण हुई बच्ची की तलाश पुलिस कर नहीं पाई थी कि शुक्रवार को फिर दिनदहाड़े एक और बच्चा चोरी हो गया।
बिल्हौर निवासी बल्लू आजाद की ससुराल बिहार के कटिहार जनपद में है। शुक्रवार को बल्लू पत्नी सहरा बानो व एक साल के बेटे हसन को लेकर ससुराल जाने के लिए सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचा। प्लेटफार्म नंबर सात पर वह आनंद विहार से गुवाहाटी जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था। ट्रेन एक घंटे बाद आनी थी, इसलिए दंपती सीढि़यों पर बैठ गया।
इस तरह महिला ने चुराया बच्चा
एक महिला उनके करीब में आकर बैठ गई। मेलजोल बढ़ाने के लिए बातचीत शुरू कर दी। विश्वास में लेने के बाद भूखे होने का बहाना बनाया और बल्लू को सौ रुपये देकर पूड़ी सब्जी लाने को कहा। बल्लू उसकी बातों में फंसकर पूड़ी सब्जी लेने चला गया। इसी बीच महिला ने हसन को अपनी गोद में ले लिया। कुछ देर बाद महिला ने सहरा बानो से कहा कि वह बल्लू को देखने जा रही है और बच्चे को गोद में लेकर चली गई। दस मिनट बाद पहुंचे बल्लू को महिला नहीं मिली। पत्नी से जानकारी होने पर उसे तलाश करना शुरू किया, लेकिन लेकिन वह नहीं मिली। दोनों जीआरपी थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई बच्चा चोर महिला
जीआरपी ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे खगाले। फुटओवर ब्रिज पर लगे कैमरे में महिला बच्चे को ले जाती हुई दिखाई दी। उसे कैंट साइड सीढि़यों के पास स्थित बरगद के पेड़ तक देखा गया। इसी फोटो के सहारे महिला की तलाश हो रही है।