आयकर अधिकारी-कर्मचारी सितंबर में करेंगे हड़ताल
पदोन्नति और नई भर्तियों की मांग पर निर्णय न होने से नाराज आयकर अधिकारी और कर्मचारी 12 सितंबर को देशभर में हड़ताल पर रहेंगे।
जागरण संवाददाता, कानपुर : पदोन्नति और नई भर्तियों की मांग पर निर्णय न होने से नाराज आयकर अधिकारी और कर्मचारी 12 सितंबर को देशभर में हड़ताल पर रहेंगे। यह घोषणा शुक्रवार को आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद त्रिवेदी और आयकर कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय तिवारी ने अलग-अलग पत्रकार वार्ता में की। उन्होंने 24 जुलाई को आयकर दिवस का बहिष्कार करने के साथ ही एक अगस्त से छापों और सर्वे न करने की बात भी कही।
आयकर अधिकारी व कर्मचारी संयुक्त कार्यवाही परिषद (जेसीए) के बैनर तले 10 सूत्रीय मांग को लेकर दो महीने से अधिकारियों और कर्मचारियों का आंदोलन चल रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद त्रिवेदी ने कहा कि आयकर के लोगों ने पिछले वर्ष प्रत्यक्ष कर संग्रह का 10 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था। इस बार 11 लाख करोड़ का लक्ष्य दिया गया है। यह लक्ष्य भी हासिल करेंगे लेकिन हमारी मांगों पर भी तो विभाग ध्यान दे। पत्रकार वार्ता में राघवेंद्र सिंह, एके श्रीवास्तव, अरविंद शुक्ला, शरद प्रकाश अग्रवाल, राजेश तिवारी, एसके वर्मा, गीता टंडन कपूर, नरेश कुमार आदि थे।
------------
आंदोलन की रूपरेखा
- 23 जुलाई को लंच के दौरान प्रदर्शन किया जाएगा।
- 24 जुलाई को आयकर दिवस का बहिष्कार।
- आयकर कार्यालयों में आने वाले बोर्ड अध्यक्ष, सदस्य व निदेशालय के अधिकारियों को काले झंडे दिखाए जाएंगे।
- शासकीय अवकाश, शनिवार व रविवार को जेसीए के सदस्य कार्यालय नहीं जाएंगे।
- किसी तरह के प्रोटोकाल ड्यूटी नहीं की जाएगी।
- एक अगस्त से छापे, सर्वे में शामिल नहीं होंगे।
- सीबीडीटी चेयरमैन व सदस्यों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान धरना दिया जाएगा।
- 9 अगस्त को दिनभर उपवास रख प्रदर्शन किया जाएगा।
- 28 अगस्त को आधे दिन का कार्यालय बहिर्गमन किया जाएगा।
- 12 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल होगी।