अब रात भी होनी लगी गर्म
पिछले दो दिन से अधिकतम तापमान तो पिछले दस साल का रिकॉर्ड तोड़ ही रहा है। अब न्यूनतम तापमान भी इसी रास्ते चल निकलता है। मंगलवार रात को 23.8 डिग्री से बढ़कर न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान 42.2 रहा। इससे लोगों परेशानी का सामना करना पड़ा।
जागरण संवाददाता, कानपुर: पिछले दो दिन से अधिकतम तापमान तो पिछले दस साल का रिकॉर्ड तोड़ ही रहा है। अब न्यूनतम तापमान भी इसी रास्ते चल निकलता है। मंगलवार रात को 23.8 डिग्री से बढ़कर न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान 42.2 रहा। इससे लोगों परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीएसए के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी 27 मई तक अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक डा.अनिरुद्ध दुबे की मानें तो सामान्यत: मई माह में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में जबर्दस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। यही कारण है कि आने वाले दिनों में भी लोगों को इसी तरह गर्मी झेलनी होगी। अगर क्षेत्रीय चक्रवात की स्थिति बनती है तभी मौसम के करवट लेने की संभावना है।
-----------------------
बिजली कटौती और फाल्ट ने तड़पाया
भीषण गर्मी में बिजली कटौती और फाल्ट ने शहरवासियों को तड़पा दिया। मोहल्लों में चार से पांच घंटे तक बत्ती गुल रही। सबसे अधिक परेशानी पीने के पानी को लेकर हुई।
आलू मंडी डिवीजन के 33केवी फीडर में ब्रेकडाउन हो गया। दोपहर 2 से शाम छह बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। हंसपुरम के बस स्टाप फीडर की केबिल टूटने से दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक बत्ती गुल रही। पशुपति नगर फीडर की लाइन ब्रेक हो गई। पूर्वाह्न 11.30 से दोपहर एक बजे तक सप्लाई नहीं आई। दहेली सुजानपुर खंड में दोपहर दो बजे से शाम 6 बजे, रतनपुर डिवीजन में शाम 4 से रात नौ बजे, जरीबचौकी सबस्टेशन में शाम 4 बजे से रात आठ बजे तक सप्लाई बाधित रही।
--------------------
अभियंता को भेंट की चूड़ियां
महिला कल्याण समिति ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय एच ब्लॉक किदवई नगर सबस्टेशन पर प्रदर्शन कर अभियंता को चूड़ियां भेंट की। केस्को एमडी को संबोधित ज्ञापन गेट पर चस्पा किया। अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बताया कि बाबूपुरवा, बेगमपुरवा में अंडरग्राउंड लाइन पड़ चुकी हैं, लेकिन सैकड़ों लोग कनेक्शन के लिए चक्कर काट रहे हैं। भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजेदार भी परेशान हैं। हेमलता, जहांआरा, खुर्शीद जहां, ममता गुप्ता, प्रियंका, चमन आरा आदि मौजूद रहीं।