Kanpur Lucknow Highway पर जर्जर सड़क से 14 घंटे यातायात रहा बाधित, जाम खुलवाने में पुलिस के छूटे पसीने
Kanpur Lucknow Highway पर जर्जर सड़क से गुजरने के दौरान एक के बाद एक करके करीब छह वाहन खराब हो गए। जिससे काफी दूर तक लंबा जाम लग गया। हालांकि जाम खुलवाने में पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। कानपुर लखनऊ हाईवे पर जर्जर सड़क की वजह से छह वाहनों के खराब होने से शुक्रवार रात से लगा जाम शनिवार सुबह तक लगा रहा। जिस कारण जाजमऊ नए गंगा पुल से लेकर भौती हाईवे तक वाहनों की कतार लग गई। हालांकि पुलिस कर्मी यातायात सुचारू कराने का प्रयास करते रहे। जिस वजह से वाहन सवारों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा।
जाजमऊ चेक पोस्ट के पास बारिश के कारण रोड में कई गड्ढ़े हो गए है। वहीं नए गंगा पुल में भी कई गड्ढ़े हो गए है। जिस कारण शुक्रवार रात करीब आठ बजे से वाहनों की कतार लगना शुरू हो गई। जिस कारण वाहन सवारों को एक लेन से गुजरने के कारण समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
जिस कारण धीरे-धीरे देर रात तक वाहनों की कतार जाजमऊ फ्लाईओवर से लेकर भौती फ्लाईओवर तक पहुंच गई। हाईवें पर जाम होने की वजह से भारी वाहनों ने रामादेवी से रैम्प से उतरकर जाना शुरू किया तो कानपुर से लखनऊ जाने वाली सर्विस लेन पर भी रामादेवी चौराहे तक जाम लग गया। जाम में परेशान राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी।
शुक्रवार रात आठ बजे से शुरू हुआ जाम शनिवार सुबह 10 बजे तक लगा रहा। हालांकि खबर लिखे जाने तक जाजमऊ नए पुल से जाजमऊ हाईवे तक जाम लगा हुआ है। जाजमऊ थाना प्रभारी अभिषेक शुक्ला ने बताया कि जाजमऊ गंगा पुल पर गड्ढों की वजह से यातायात बाधित हो रहा है। फिलहाल वाहनों को लेन से निकलवा कर यातायात सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।