पैकेट में कम चना निकलने पर ग्रामीणों ने किया हंगामा
संवाद सूत्र तालग्राम राशन के साथ दिए जा रहे चने का वजन कम निकलने पर लोगों ने हंगामा किया।
संवाद सूत्र, तालग्राम: राशन के साथ दिए जा रहे चने का वजन कम निकलने पर लोगों ने हंगामा किया। पैकेट से चना निकाले जाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई। थानाध्यक्ष व पूर्ति निरीक्षक ने गांव पहुंचकर मामले की पड़ताल की।
थाना तालग्राम के गांव बिरौली निवासी अनुसूचित वस्तु विक्रेता राम प्रसाद दिवाकर शनिवार को राशन वितरित कर रहे थे। इस बार प्रत्येक कार्डधारक को शासन की ओर से एक किलोग्राम चना मुफ्त दिया जा रहा है। लोगों को पैकेट उपलब्ध कराए गए। ये फटे हुए थे। इस पर चना कम होने की आशंका लोगों ने जताई। तौल कराने पर किसी में 100 तो किसी में 150 ग्राम चना कम था। इस पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि राशन विक्रेता ने पैकेटों को ब्लेड से काटकर प्रत्येक पैकेट से चना निकाल लिया है। 850 ग्राम के पैकेट बांटे जा रहे हैं। शिकायत करने पर कोटेदार अभद्रता करने लगे। ग्रामीणों ने तालग्राम तेराजाकेट मार्ग को जाम कर दिया। थानाध्यक्ष कमल भाटी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। भाजपा नेता जीतू तिवारी व पूर्ति विभाग से पूर्ति निरीक्षक राजू बिद पहुंचे। पूर्ति निरीक्षक ने पैकेटों की तौल कराई। इन सभी पैकेट में चना कम था। ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए। अधिकारियों ने कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन ग्रामीणों को दिया। कोटेदार राम प्रसाद दिवाकर ने बताया कि पैकेट लाते समय रास्ते में फट गए थे। इनमें चना कम हो सकता है। ग्रामीण मनमाने आरोप लगा रहे हैं। उपनिरीक्षक राजू बिद ने बताया कि फटे पैकेटों की तौल कराई गई थी। वजन कम निकला है। रिपोर्ट कार्रवाई के लिए अधिकारियों को भेजी जाएगी।