मढ़पुरा में सड़क जाम कर ग्रामीणों ने किया हंगामा
संवाद सूत्र इंदरगढ़ ससुरालियों पर कार्रवाई को लेकर महिला ने सड़क जाम कर हंगामा किया।
संवाद सूत्र, इंदरगढ़ : ससुरालियों पर कार्रवाई को लेकर महिला ने सड़क जाम कर हंगामा किया। करीब 30 मिनट तक जाम लगा रहा। पुलिस ने लाठिया पटक कर ग्रामीणों को खदेड़ दिया और जाम हटवा दिया। महिला ने पुलिस पर सुनवाई न करने के आरोप लगाए।
तालग्राम थाना क्षेत्र के दुर्गा बेहटा खास निवासी कल्पना चंदेल उर्फ रश्मि पुत्री जगदीश सिंह ने बताया कि 10 फरवरी 2020 को मढ़पुरा गांव निवासी अभिषेक प्रताप सिंह के साथ विवाह हुआ था। शादी के बाद दोनों में विवाद हो गया था। इससे कल्पना के पिता जयवीर सिंह ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा ससुरालीजनों के खिलाफ दर्ज कराया और न्यायालय में मामला विचाराधीन है। तब से कल्पना मायके में ही रह रही थी। 20 जनवरी से कल्पना अपने ससुराल में आई तो ससुरालीजन घर में ताला लगाकर भाग निकले। चार दिनों से कल्पना घर के बाहर डेरा डाले है। शनिवार दोपहर को कल्पना के मायके पक्ष के लोगों ने इंदरगढ़-सौरिख रोड पर जाम लगा दिया। कल्पना ने आरोप लगाए कि पुलिस सुनवाई नहीं कर रही। ताला तोड़कर घर में रहने को जगह दी जाए। जाम की सूचना पाकर पुलिस पहुंची। थानाध्यक्ष विमलेश कुमार ने लाठियां पटकी और जाम लगाने वालों को खदेड़ दिया। उन्होंने कहा कि कोर्ट में मुकदमा विचाराधीन होने से पुलिस ताला नहीं तोड़ सकती। न्यायालय के आदेश पर ही कार्रवाई हो सकती है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मुकदमा दर्ज होने पर पुलिस चार्जशीट लगा चुकी। इसके बाद अब न्यायालय में निर्णय होने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। सरकारी कार्य में बाधा डालना या फिर गैरकानूनी काम करने पर उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा।