योगी सरकार ने राशन कार्ड के नियमों में किया बदलाव, अब कोटा फुल होने के बाद भी बनेंगे कार्ड; ऐसे मिलेगा लाभ
योगी सरकार ने राशन कार्ड नियमों में बदलाव किया है, अब कोटा पूरा होने के बाद भी पात्र लोगों के ...और पढ़ें
-1788949865619_m.webp)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
HighLights
कोटा पूरा होने पर भी बनेंगे नए राशन कार्ड।
खाद्य विभाग सॉफ्टवेयर में 'मेरिट सिस्टम' लागू किया गया।
कैंसर, कुष्ठ रोगियों को राशन कार्ड में वरीयता।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। अब राशन कार्ड का कोटा पूरा (फुल) हो जाने के बावजूद जरूरतमंद और पात्र लोगों के नए राशन कार्ड बनाए जा सकेंगे। राज्य सरकार की नई पहल के तहत खाद्य एवं रसद विभाग के साफ्टवेयर को अपग्रेड कर इसमें 'मेरिट सिस्टम' लागू कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था से पात्र लोगों को नए राशन कार्ड बनवाने में सीधा फायदा मिल रहा है और उन्हें अब कोटे की सीमा समाप्त होने के कारण भटकना नहीं पड़ेगा।
पुरानी व्यवस्था में जिले को आवंटित कोटा फुल हो जाने के बाद नए राशन कार्ड बनने की प्रक्रिया पूरी तरह ठप हो जाती थी। लेकिन नई व्यवस्था के तहत आवेदन करते समय आवेदक द्वारा दी गई जानकारी और विवरण के आधार पर साफ्टवेयर खुद ही अंक (मार्क्स) तय करेगा। साफ्टवेयर प्राप्त अंकों के आधार पर एक मेरिट सूची तैयार करेगा।
इस मेरिट के आधार पर सबसे अधिक जरूरतमंद और पात्र परिवारों का पारदर्शी तरीके से चुनाव कर नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे। इस विशेष मेरिट प्रणाली में अति-वंचित और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
कैंसर पीड़ित और कुष्ठ रोगियों को मिलेगी वरीयता
कैंसर पीड़ित, कुष्ठ रोगी और अत्यंत गरीब परिवारों को इस व्यवस्था में विशेष अंक और वरीयता मिलेगी, जिससे उनका राशन कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बन सके। इस नई प्रणाली का असर जिले में दिखने लगा है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में बनेंगे चार ROB और 4 नए पुल, 18 लाख की आबादी को होगा फायदा; हरौनी-केसरी खेड़ा आरओबी का काम शुरू
सितंबर में नए राशन कार्ड के लिए कुल 150 आवेदन प्राप्त हुए थे। साफ्टवेयर आधारित नए मेरिट सिस्टम से जांच के बाद 10 सबसे पात्र परिवारों का चयन कर उनके नए राशन कार्ड जारी कर दिए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि सरकार द्वारा साफ्टवेयर अपग्रेडेशन के बाद मेरिट सिस्टम प्रभावी हो गया है। अब कोटा फुल होने के बाद भी योग्य परिवारों को राशन कार्ड से वंचित नहीं रहना पड़ेगा।
