शेल्टर होम से भागे मुंबई से आए दस लोग
मुंबई से लौटे एक परिवार के दस लोग शेल्टर होम से भाग गए। अब पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। इन लोगों को थर्मल स्क्रीनिग व जांच के लिए दिन में लाया गया था। फैसिलिटी क्वारंटाइन सेंटर भेजने से पहले ही वह लोग वहां से भाग निकले।
जागरण संवाददाता, कन्नौज : मुंबई से लौटे एक परिवार के दस लोग शेल्टर होम से भाग गए। अब पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। इन लोगों को थर्मल स्क्रीनिग व जांच के लिए दिन में लाया गया था। फैसिलिटी क्वारंटाइन सेंटर भेजने से पहले ही वह लोग वहां से भाग निकले।
जीटी रोड स्थित क्रिस्तु ज्योति अकादमी में शेल्टर होम बनाया गया है। मंगलवार को दिन में हाजीगंज मोहल्ले में एक ही परिवार के दस लोग मुंबई से आए थे। मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन को सूचना दी, जिस पर इन लोगों को शेल्टर होम ले जाया गया। वहां थर्मल स्क्रीनिग के बाद उन्हें रात में रुकने को कहा गया। रात में वहां केवल एक लेखपाल की ड्यूटी थी, जबकि पुलिसकर्मी चले गए। रात में किसी समय दसों लोग वहां से बिना बताए कहीं चले गए। सुबह लेखपाल ने सूचना दी तो वहां हड़कंप मच गया। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने सभी लोगों को पकड़कर शेल्टर होम लाने के निर्देश दिए है। अब पुलिस कई मोहल्लों व रिश्तेदारियों में तलाश कर रही है। सदर एसडीएम शैलेष कुमार ने बताया सभी की तलाश की जा रही है। सूरत और केरल से भी आए लोग
सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि शेल्टर होम में केरल व सूरत से भी दो लोग आए हैं। उनकी थर्मल स्क्रीनिग के बाद कोरोना की जांच कराई गई है। जिले में जो भी बाहरी प्रदेशों से लोग आ रहे हैं, उन्हें शेल्टर होम में रखा जा रहा है। जांच के बाद उन्हें होम क्वारंटाइन कराया जाता है।