सड़क हादसे में दर्जी की मौत
संवाद सूत्र, चपुन्ना : शादी समारोह में शामिल होने के बाद देर रात घर लौटते समय सड़क हादसे
संवाद सूत्र, चपुन्ना : शादी समारोह में शामिल होने के बाद देर रात घर लौटते समय सड़क हादसे में दर्जी की मौत हो गई जबकि उसके साथी की हालत गंभीर है।
सौरिख थानांतर्गत पुलिस चौकी खड़िनी के ग्राम रूर निवासी राम लखन शाक्य (35) कपड़े सिलाई का काम करते थे। शनिवार रात दुकान मालिक किशन पाल के परिवार में पुत्री किरन की शादी थी। इसमें वह भी अपने साथी ग्राम थुलरिया निवासी रोहित (30) के साथ शामिल होने को खड़िनी स्थित किरन मैरिज होम गया था। देर रात दोनों बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। छिबरामऊ बिधूना मार्ग पर आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए। वहीं, चालक वाहन लेकर भाग निकला। इसमें एक गाय की भी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने पर वहां से मेडिकल कालेज तिर्वा के लिए रेफर किए गए। रास्ते में राम लखन ने दम तोड़ दिया जबकि रोहित की हालत गंभीर है। दर्जी की मौत की सूचना पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। उसकी पत्?नी रेखा बदहवास हालत में दिखी। दो बच्चे प्रांशु (13) व साक्षी (10) वर्ष हैं। मृतक के भाई रामू ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष राज कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द चालक को गिरफ्तार जेल भेजा जाएगा। व्यापारियों ने बंद रखा बाजार
रविवार सुबह व्यापारियों को कपड़ा सिलने वाले दर्जी राम लखन की दुर्घटना में मौत की सूचना मिली तो सभी एकत्रित होकर अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद पूरा बाजार बंद रहा। सभी ने मामले में कड़ी कार्रवाई को लेकर आवाज बुलंद की। भतीजी की आज आनी बरात
मृतक के पारिवारिक भाई राधे श्याम की पुत्री की शादी 14 मई को है। इसलिए घर में सभी तैयारियां चल रही थीं। बरात मैनपुरी जिले से आनी है। इसी बीच शनिवार रात को दुर्घटना में उसकी मौत के बाद परिजनों में खुशी की जगह चीख-पुकार दिखाई पड़ी।