Kannauj: विदा होकर जा रही दुल्हन की तमंचा दिखाकर रोक ली कार, लूटपाट की कोशिश
शादी के बाद विदा होकर ससुराल जा रही दुल्हन की कार को दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने तमंचा दिखाकर रोक लिया। उसके साथ लूट का प्रयास किया गया। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जिसे देखकर आरोपित युवक बाइक और मोबाइल छोड़कर भाग गए।
कन्नौज, जागरण संवाददाता: शादी के बाद विदा होकर ससुराल जा रही दुल्हन की कार को दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने तमंचा दिखाकर रोक लिया। उसके साथ लूट का प्रयास किया गया। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जिसे देखकर आरोपित युवक बाइक और मोबाइल छोड़कर भाग गए। आरोपित का सामान ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया। पीड़िता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। मामला कोतवाली गुरसहायगंज क्षेत्र का है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर निवासी रामप्रकाश की पुत्री अंजली का विवाह 10 मई को था। सौरिख से बरात आई थी। राम प्रकाश ने बताया कि गुरुवार को पुत्री की विदा कर जब वह कार से ससुराल जा रही थी, तभी गांव से कुछ ही दूर ग्राम रसूलपुर के पास दो बाइकों पर सवार चार अज्ञात युवकों ने गाड़ी को घेर लिया।
गाली-गलौज कर हाथापाई की और लूटपाट का प्रयास किया। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्हें देखते ही आरोपित मौके से फरार हो गए। एक बाइक और मोबाइल छूट गया। जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
राम प्रकाश ने अज्ञात युवकों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि अज्ञात युवक किसी घटना को अंजाम देना चाहते थे लेकिन ग्रामीणों के आ जाने से वह अपने मकसद में सफल नहीं हो सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।