दम से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव, रणनीति से जीतेंगे कन्नौज : शिवपाल
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के मुखिया शिवपाल सिंह यादव का कहना है कि पार्टी लोकसभा चुनाव दमखम से लड़ेगी और ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतेगी।
कन्नौज (जेएनएन)। समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के मुखिया शिवपाल सिंह यादव का कहना है कि पार्टी लोकसभा चुनाव दमखम से लड़ेगी और ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतेगी। कन्नौज लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य तय है और उस पर पूरी रणनीति के साथ काम करेंगे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे स्थित ठठिया मंडी कट पर गुरुवार दोपहर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने वहीं कार्यकर्ताओं से बातचीत में कहा कि जल्द ही प्रदेश के साथ ही जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। जिलाध्यक्षों के नाम फाइनल करने पर मंथन चल रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने पार्टी के चुनाव चिह्न मोटर साइकिल पर मुहर लगा दी है। यहां दस मिनट रुकने के बाद उनका काफिला लखनऊ के लिए रवाना हो गया।
कई नेता साइकिल छोड़ मोटर साइकिल की सवारी की तैयारी में
समाजवादी पार्टी में उपेक्षा के शिकार सपाई अब साइकिल छोड़ मोटर साइकिल (समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का चुनाव चिह्न) की सवारी करने की तैयारी में हैं। गुरुवार को मोर्चा के मुखिया शिवपाल सिंह यादव आए तो सपा के कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने वहां न सिर्फ सपाइयों की बुराई की, बल्कि पार्टी में शामिल होकर उन्हें जीत दिलाने का विश्वास भी दिलाया। बातचीत में शिवपाल ने ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोडऩे को कहा।