साहब! बिना समूह के बंटा पुष्टाहार
- महिलाओं ने उमर्दा ब्लाक में की वितरण में धांधली की शिकायत - जिम्मेदार भी प्रक्रिया से अनजा
- महिलाओं ने उमर्दा ब्लाक में की वितरण में धांधली की शिकायत
- जिम्मेदार भी प्रक्रिया से अनजान, बता रहे अलग-अलग नियम
जागरण संवाददाता, कन्नौज : स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सीधे पुष्टाहार देकर धांधली का आरोप लगाया है, जबकि समूह की महिलाओं के माध्यम से बांटा जाना था। खासबात यह है कि वितरण प्रकिया में अलग-अलग नियम बताए जा रहे हैं। इस कारण गोलमाल की आशंका है।
उमर्दा ब्लाक के नारी महिला स्वयं शक्ति की अध्यक्ष नीरज बाथम ने बताया कि नवंबर 2020 से आंगनबाड़ी केंद्रों पर पुष्टाहार समूह माध्यम से बांटा जाना था, लेकिन ब्लाक में किसी भी समूह को एक बार भी नहीं दिया गया है। न ही समूह के हस्ताक्षर कराए गए हैं। सीडीपीओ व पूर्ति निरीक्षक की मिलीभगत से सीधे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पुष्टाहार देकर गोलमाल हो रहा है। उनके परिवार में कुपोषित बच्चे हैं, जिन्हें पुष्टाहार नहीं मिला है। इससे अंदाजा लगा सकते हैं वितरण नहीं किया जा रहा है। वहीं, कुछ दिन पहले डीएम राकेश कुमार मिश्रा से इसी ब्लाक के विश्वहरी महिला समूह की अध्यक्ष गायत्री देवी, सदस्य रामपूर्ति, रेनू, मंजू ने पुष्टाहार समूह के माध्यम से वितरण न कर आंगनबाड़ी को देने की शिकायत की थी। डीएम ने सीडीओ आरएन सिंह को जांच दी है। वहीं, राष्ट्रीय आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक शिवबिहारी ने बताया कि अब सूखा राशन कोटेदारों के यहां लाभार्थियों को समूह की महिला व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की निगरानी में बांटा जाता है। दाल व तेल सीडीपीओ कार्यालय से समूह को मिलता है, जो आंगनबाड़ी को देती है, लेकिन नहीं आ रहा है। प्रभारी सीडीपीओ सुधा रावत ने बताया कि सिर्फ तीन बार राशन आया था जो मिलकर बांटा है। दाल व तेल कम मिला है, जो इकट्ठा होने पर बांटेंगे। वहीं, सीडीओ ने बताया कि अब आंगनबाड़ी ही वितरण करेंगी। इससे पहले समूह के माध्यम से वितरण हुआ था।