Sheila Dikshit Passes Away : कन्नौज से लोकसभा चुनाव हारने के बाद शीला ने छोड़ दिया था उत्तर प्रदेश Kannauj News
1984 में कन्नौज से सांसद निर्वाचित हुई थीं 1989 में दिल्ली चली गई थीं।
कन्नौज, जेएनएन। इत्र नगरी कन्नौज से सांसद बनने के बाद शीला दीक्षित ने मुख्यमंत्री पद तक का सफर तय किया और दूसरी बार लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा तो वह दिल्ली कूच कर गई थी। इसके बाद उनके सिर दिल्ली का ताज सजा तो फिर पलटकर कभी उत्तर प्रदेश की ओर रुख नहीं किया।
वर्ष 1984 में कांग्रेस काल में प्रधानमंत्री रहीं इंदिरा गांधी की हत्या के बाद लहर में शीला दीक्षित कन्नौज संसदीय सीट से कांग्रेस की टिकट पर मैदान में उतरी थीं। उन्होंने प्रतिद्वंद्वी तत्कालीन सांसद छोटे सिंह यादव को 61 हजार 815 वोटों से करारी शिकस्त दी थी। सांसद बनने के बाद उन्होंने कन्नौज में कई विकास कार्य कराए और गांधी परिवार की बेहद खास बन गईं। सांसद बनने के बाद कैबिनेट में उन्हें संसदीय कार्य मंत्री के रूप में कार्य करने का मौका मिला। बाद में शीला दीक्षित प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री भी बनीं। इसके बाद वर्ष 1989 के लोकसभा चुनाव में शीला दीक्षित को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें जनता दल के प्रत्याशी छोटे सिंह यादव ने करीब 53 हजार 833 वोटों से हराया था। इसके बाद शीला दीक्षित ने दिल्ली में राजनीतिक पारी की नई शुरुआत की और दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद वापस कभी उत्तर प्रदेश की ओर रुख नहीं किया।