पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ कन्नौज में सपाइयों का अनोखा प्रदर्शन
पेट्रोल और डीजल के साथ ही गैस के बढ़ते दामों पर नाराजगी जताई। एडीएम आवास के पास सपाइयों ने धरना दिया। सपा नेताओं ने सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया।
कन्नौज (जागरण संवाददाता)। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में आंदोलन तेज होता जा रहा है। विरोध प्रदर्शन में विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए नए-नए तरीकों को अपना रहे हैं। गुरुवार को जिले में भी सपाइयों ने अनोखा प्रदर्शन किया। इस दौरान सपाई ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी और उन्हें देखने के लिए लोग भी सड़कों पर उतर आए।
कोई भैंस तो कई बैलगाड़ी पर निकला
विरोध प्रदर्शन में सपा कार्यकर्ता गोल चौराहे से कलेक्ट्रेट तक बैल गाड़ी, घोड़ा गाड़ी पर बैठकर गुजरे और नारेबाजी करते रहे। बैलगाड़ी के ऊपर बाइक रखकर विरोध जताया। कोई भैस तो कोई घोड़े पर सवार होकर पहुंचा। पेट्रोल और डीजल के साथ ही गैस के बढ़ते दामों पर नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार हर तरह से विफल है और जनता से किए वादे पूरे नहीं किए हैं।
एडीएम आवास के पास दिया धरना
एडीएम आवास के पास यात्रा पहुंची और सपाइयों ने धरना दिया। धरने में पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव ने प्रदेश व केंद्र की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपाई शहीद दिवस के रूप में यह दिन मनाएंगे। सरकार हर मोर्चे पर विफल है और जनता चुनाव में इसका जवाब देगी। इस दौरान मुन्ना दारोगा, विधायक अनिल दोहरे, पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे आदि मौजूद रहे।