रिजर्व ईवीएम के लिए अलग बनेंगे स्ट्रांग रूम
जागरण संवाददाता कन्नौज चुनाव आयोग ने ईवीएम के रखरखाव में इस बार बदलाव किया है। इसके तह
जागरण संवाददाता, कन्नौज : चुनाव आयोग ने ईवीएम के रखरखाव में इस बार बदलाव किया है। इसके तहत मतदान के दौरान इस्तेमाल होने वाली अतिरिक्त ईवीएम अलग स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी। ये विधानसभा क्षेत्रवार स्ट्रांग रूम से दूर होंगी, ताकि मतगणना के दौरान भ्रम की स्थिति न रहे। अब तक अतिरिक्त ईवीएम साथ रखी होने से परेशानी होती थी। इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव आयोग निर्देश जारी कर दिए हैं। हालांकि अगर किसी स्थिति में अतिरिक्त ईवीएम का इस्तेमाल किया गया तो फिर इसे विधानसभावार ही रखा जाएगा।
सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट के पास होंगी ईवीएम
जिले में कन्नौज, तिर्वा और छिबरामऊ तीन विधानसभा क्षेत्रों 1,474 बूथों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। इस दौरान 1,474 एम-3 मॉडल की ईवीएम वीवीपैट के साथ इस्तेमाल की जाएंगी। इसके अलावा 10 फीसद ईवीएम अतिरिक्त रहेंगी। जो जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को दी जाएंगी। जिले में 12 जोनल और 114 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
नवीन मंडी में स्ट्रांग रूम
जीटी रोड स्थित नवीन मंडी में स्ट्रांग रूम बनाए जाएंगे। मंडी परिसर का अधिग्रहण कर काम तेजी से चल रहा है। यहां ए और बी श्रेणी की 21 दुकानें अधिग्रहीत की गईं हैं। जहां कन्नौज, छिबरामऊ और तिर्वा विधानसभा क्षेत्र के स्ट्रांग रूम बनाकर ईवीएम रखी जाएंगी। इन्हीं दुकानों में अतिरिक्त स्ट्रांग रूम निर्धारित किए जाएंगे। ईवीएम की सुरक्षा के लिए केंद्र सुरक्षा बल के जवान तैनात किए जाएंगे। मंडी के दोनों गेट बंद कर आवाजाही पर पाबंदी रहेगी। चुनाव आयोग के निर्देश मिले हैं। इस बार इस्तेमाल न होने वाली अतिरिक्त ईवीएम अलग स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी। निर्देशों का पालन कर स्ट्रांग रूम बनाए जा रह हैं, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।
-रवींद्र कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी