पुलिस ने रुकवाया ब्रह्मदेव मंदिर निर्माण, हंगामा
नाराजगी - सरायसुंदर में जीटी रोड निर्माण के दौरान प्रभावित हुआ पुराना स्थल - कोतवाली में द
नाराजगी
- सरायसुंदर में जीटी रोड निर्माण के दौरान प्रभावित हुआ पुराना स्थल
- कोतवाली में देर शाम तक दोनों पक्षों में हुई पंचायत में बनी सहमति
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ : महाविद्यालय के सामने ब्रह्मदेव स्थल का निर्माण होने पर प्रबंधक ने शिकायत की। इस पर पुलिस ने कार्य रुकवा दिया। इससे ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और हंगामा किया। देर शाम तक कोतवाली परिसर में दोनों पक्षों के बीच पंचायत चलती रही, जिसमें मंदिर निर्माण को लेकर सहमति बन गई।
जीटी रोड किनारे गांव सरायसुंदर के सामने ऐतिहासिक ब्रह्मदेव स्थल है। यहां पर प्रत्येक वर्ष धार्मिक आयोजन होते थे। जीटी रोड चौड़ीकरण में यह स्थल आया है। ऐसे में कार्यदायी संस्था ने नए स्थान का चयन कर स्थल बनवाने की बात कही थी। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। गांव के लोगों ने चयनित स्थल पर निर्माण कराने को कहा। रविवार को ग्रामीणों ने निर्माण शुरू कराया। महाविद्यालय को जाने वाले रास्ते के सामने चबूतरा बनने पर प्रबंधक ने पुलिस से शिकायत की। इस पर पुलिस निर्माण रुकवा दिया। इसको लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और हंगामा किया। देर शाम उप जिलाधिकारी छिबरामऊ देवेश कुमार गुप्त कोतवाली पहुंचे। वहां प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा के साथ दोनों पक्षों से वार्ता की। इस बीच सत्ता पक्ष के नेता भी पहुंच गए। करीब दो घंटे तक कोतवाली परिसर में वार्ता चलती रही। दोनों पक्षों के बीच सात ईंट के रद्दे की ऊंचाई के बराबर ब्रह्मदेव स्थल बनाए जाने पर सहमति बनी। एसडीएम ने बताया कि दोनों पक्ष संतुष्ट होकर चले गए हैं।