बदमाशों की फिराक में घर में घुसी पुलिस, परिजनों को पीटा
संवाद सहयोगी तिर्वा बदमाश होने की जानकारी पाकर पुलिस बिना पड़ताल के ही घर में घुस गइ
संवाद सहयोगी, तिर्वा : बदमाश होने की जानकारी पाकर पुलिस बिना पड़ताल के ही घर में घुस गई। घर में खाना खा रहे रिश्तेदारों को बेरहमी से पीटा। महिलाओं ने रोका तो पुलिस ने उनको भी नहीं बख्सा। परिजनों ने पिटाई के वीडियो बनाए, तो पुलिस ने डिलीट कर दिया। इससे ग्रामीणों ने आधी रात को थाना का घेराव कर हंगामा किया।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के परसादीपुर्वा गांव निवासी मीरा देवी पत्नी रनवीर सिंह अपने घर पर थीं। शुक्रवार को घर पर नंदोई विनोद कुमार निवासी महदिया थाना किशनी, मैनपुरी आए थे। रात 10 बजे खाना-पीना हो रहा था। उसी वक्त पड़ोस के कुछ लोगों ने पुलिस को घर पर बदमाश रुके होने की सूचना दे दी। इससे पुलिस घर में बिना कोई पड़ताल के घुस गई। रिश्तेदारों के साथ मारपीट करने लगी। इसका विरोध किया तो पुलिस ने मीरा देवी, इनकी विवाहित पुत्री पूजा यादव, देवरानी संगीता व ममता देवी को भी पीट दिया। परिजनों से मारपीट का वीडियो मोबाइल से बना लिया। पुलिस ने मोबाइल छीने और सभी वीडियो डिलीट कराए। इसको लेकर ग्रामीण एकजुट हुए और थाना का घेराव किया। थानाध्यक्ष सुजीत वर्मा ने जांच का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। परिजनों ने मीरा को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। प्रभारी थानाध्यक्ष शिव प्रसाद पाल ने बताया कि मामला आपसी मारपीट का है। पुलिस बचाव के लिए गई थी। पुलिस पर लगे आरोप निराधार है।