लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर कार पलटने से एक की मौत, सात घायल
कन्नौज के सौरिख में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर कार का टायर फटने से महिला की मौत हो गई जबकि दो बच्चों के साथ सात लोग घायल हैं।
कन्नौज (जेएनएन)। प्रदेश की राजधानी से आगरा को जोडऩे वाले लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटनाएं आम बात हो गई है। आज भी गोंडा के एक व्यापारी का परिवार यहां पर दुर्घटना का शिकार हो गया। कन्नौज के सौरिख में कार का टायर फटने से महिला की मौत हो गई जबकि दो बच्चों के साथ सात लोग घायल हैं।
गोंडा के भउआ कर्जलगंज निवासी जमाल अहमद लखनऊ में रहकर कार्य करते हैं। मुंबई के घनकोली निवासी उनकी मौसी अनीसा शेख पत्नी अब्दुल शेख आज मुंबई से फ्लाइट से लखनऊ आई थीं। लखनऊ एयरपोर्ट से उनके परिवार को लेकर जमाल अहमद क्वालिस से अजमेर शरीफ से जा रहे थे। गाड़ी में शबाना पुत्री अब्दुल शेख, फरजाना शेख पुत्री अब्दुल शेख, सायरा खातून पत्नी अब्दुल कायम शाह, अब्दुल सत्तार पुत्र मोहम्मद इब्राहिम व बच्चे मोहित सिल्टी पुत्र साजिद व अली माहदेवी पुत्र अब्दुल कायम शाह भी थे। इसके अलावा मानपुर खुर्द महाराष्ट्र नगर मुंबई निवासी दिलशाद पत्नी नासिर शेख भी थीं।
कन्नौज के सौरिख थानांतर्गत एनसीसी प्लांट के पास आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर टायर फटने से कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। इससे दिलशाद की कार के नीचे दबकर मौके पर मौत हो गई। बाकी सभी को गंभीर चोटें आईं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है।