बाल कृष्ण की लीलायें देख हर्षित हुए नर-नारी
जागरण संवाददाता, कन्नौज: गणेश महोत्सव में बृजभूमि से आए कलाकारों ने भगवान कृष्ण की बाल लील
जागरण संवाददाता, कन्नौज: गणेश महोत्सव में बृजभूमि से आए कलाकारों ने भगवान कृष्ण की बाल लीलाएं दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भगवान की लीलाओं का साक्षात दर्शन कर भक्तों ने जयजयकार की। वहीं गणेश पंडालों में महिला संगीत और जवाबी कीर्तन का आयोजन किया गया।
शहर के मोहल्ला कटरा बहादुर में सजे विशाल गणेश पंडाल में बृज के कलाकारों ने भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं का सजीव मंचन किया। कलाकारों ने अभिनय के माध्यम से बालकृष्ण की झांकी प्रस्तुत की, जिसे देख लोगों का मन प्रफुल्लित हो गया। भगवान जब गोकुल पहुंचे तो ग्वाल वालों के साथ यमुना तट पर कंदुक क्रीड़ा करने गए। वहां उनके सखा श्रीदामा ने गेंद यमुना जी में फेंक दी। गेंद लाने के लिए भगवान कालियादह में कूद गए। यह लीला देख भक्त रोमांचित हो उठे। इसके बाद भगवान कृष्ण ने कालिया के फन पर नृत्य कर सबको चकित कर दिया। पूरी रात भक्त लीलाओं के अथाह सागर में गोते लगाते रहे। इसी तरह कचहरी टोला, चौहट़्टा, फर्श रोड और शिवाजी नगर सरायमीरा में भी सजे गणेश पंडालों में जवाबी कीर्तन व महिला संगीत का आयोजन किया गया। इसके बाद गणपति की आरती उतार कर भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया।