बारिश में ढह गए कच्चे मकान, अफसरों से मदद की आस
संवाद सहयोगी छिबरामऊ लगातार हुई बारिश ने कच्चे घरों में रहने वालों की मुसीबत बढ़ा
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ : लगातार हुई बारिश ने कच्चे घरों में रहने वालों की मुसीबत बढ़ा दी है। मकान गिरने से लोग खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। आर्थिक स्थिति अच्छी न होने पर अब निर्माण के लिए प्रशासनिक अफसरों की ओर आस लगाए हैं।
विकासखंड छिबरामऊ के अंतर्गत कुल 96 ग्राम पंचायत हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत में आज भी 20-25 परिवार कच्चे मकान या झोपड़ी में रह रहे हैं। आर्थिक स्थिति खराब होने से वह निर्माण नहीं करवा पा रहे हैं। वहीं पात्रता सूची में नाम न आने की वजह से प्रधानमंत्री योजना का लाभ भी नहीं मिल सका है। इन दिनों लगातार बारिश होने से स्थिति बिगड़ गई है। गांव कुंवरपुर बनवारी, मेदेपुर कसावा, नगला दुर्गा, माधौनगर, मटेहना, दीपकपुर, धमे का ताल, बंजारन डेरा सहित आस-पास के गांव में कच्चे घर गिरे हैं। ऐसे में लोग रात को घरों में नहीं जा रहे हैं। तहसील छिबरामऊ में अब तक 200 से अधिक प्रार्थना पत्र मकान गिरने को लेकर दिए जा चुके हैं। विकासखंड में भी इनकी संख्या 150 से अधिक हो चुकी है। लोग मदद के लिए फरियाद कर रहे हैं।
-------------
बारिश में कच्चे मकान की छत गिर गई। दीवारें खड़ी रह गई है। उनके भी गिरने का डर सताता रहता है। ऐसे में खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। सरकार की मदद मिलने पर ही मकान बनवा सकेंगी।
- गृहणी नसरीन
-------------
कच्चा मकान बना हुआ था। मजदूरी कर किसी प्रकार गुजर-बसर कर रहे थे। छत व दीवारें गिरने से मकान ध्वस्त हो गया। अब वह लोग पन्नी के सहारे रह रहे हैं। अधिकारियों से आवास योजना का लाभ दिलाए जाने की फरियाद की है।
- गृहणी साजिया
-------------
कच्चे मकान की छत गिर चुकी है। किसी प्रकार पन्नी की मदद से बारिश का पानी रोकने की व्यवस्था की गई है। घर के अंदर जाने में डर लगता है। आवास योजना का लाभ मिलने पर नए मकान का निर्माण हो सकेगा।
- गृहणी सावित्री देवी
-------------
पति की मौत हो चुकी है। छत और दीवार गिर गई है। अब गृहस्थी सुरक्षित रखने के लिए भी समस्या हो रही है। मकान निर्माण के लिए रुपयों का इंतजाम नहीं है। सरकार की तरफ से मदद मिलने पर ही मकान बन सकेगा।
- गृहणी शांती देवी
-------------
बारिश के बाद मकान गिरने को लेकर लोगों ने प्रार्थना पत्र दिए हैं। लेखपालों के माध्यम से उनकी जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। वही विकास खंड कार्यालय को भी पत्र भेजकर मकान गिरने से परेशान लोगों के बारे में अवगत कराया जा रहा है। विकासखंड कार्यालय की मदद से आवास योजना का लाभ पात्रता के आधार पर दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
- देवेश कुमार गुप्त, एसडीएम छिबरामऊ